जवाहर मार्केट में पारख ज्वेलर्स के स्टोर में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

जवाहर मार्केट में पारख ज्वेलर्स के स्टोर में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा


भिलाईनगर, 21 सितंबर 2026। पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में सोमवार तड़के पारख ज्वेलर्स के स्टोर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक घटना सोमवार तड़के करीब 3:21 बजे की है। पारख ज्वेलर्स के संचालक गजानंद द्वारा आग लगने की सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन को तत्काल जवाहर मार्केट रवाना किया गया।

दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने तक आग दुकान के स्टोर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझाने में करीब एक दमकल वाहन पानी का इस्तेमाल किया गया। आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मार्केट की संकरी गलियों में दमकल वाहन पहुंचाने में हुई परेशानी

जवाहर मार्केट की गलियां काफी सक्रिय और संकरी होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में अग्निशमन कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के निर्देशन में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारी रामनाथ कुरे, जितेन्द्र वर्मा और हरीश ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू एवं फायर फाइटिंग कार्रवाई की। टीम की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाया गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।