भिलाई नगर, 01 जनवरी 2026। पावर हाउस फल मंडी स्थित श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी में आज रात लगभग 8 बजे अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दो दमकल वाहनों की मदद से पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया गया।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग काफी भीषण थी, लेकिन फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन भी करीब आधे घंटे से जारी है।
फायर टीम की प्राथमिकता आग को आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकना रही, जिसमें टीम को पूरी सफलता मिली। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी के संचालक डब्लू. पांडे (पिता ओमप्रकाश पांडे) बताए गए हैं। आगजनी की इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

