पुरानी रंजिश युवक पर जानलेवा हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुरानी रंजिश युवक पर जानलेवा हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी


🔴DPS चौक के पास बेसबॉल डंडे और धारदार हथियार से किया था हमला

भिलाईनगर, 11 जुलाई 2026। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों ने पूछताछ में वारदात करना स्वीकार कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे खुर्सीपार निवासी 32 वर्षीय योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली डीपीएस चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से पल्सर बाइक पर आए आरोपियों ने पहले बेसबॉल डंडे से उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद बाइक के पहिए में डंडा फंसाकर उन्हें गिरा दिया और धारदार हथियार व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश यादव और अमन मूर्ति के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, हमले का कारण पुरानी आपसी रंजिश है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

भिलाई नगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।