दुर्ग से विकास की बड़ी पहल, OBC विकास प्राधिकरण बैठक में कई अहम निर्णय — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

दुर्ग से विकास की बड़ी पहल, OBC विकास प्राधिकरण बैठक में कई अहम निर्णय — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय


दुर्ग, 06 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा देने दुर्ग पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज ओबीसी विकास प्राधिकरण की अहम बैठक के बाद कई बड़े ऐलान किए। जहां एक ओर पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये के बजट की बात कही गई, वहीं दुर्ग में प्रदेश के पहले आईटी पार्क की सौगात भी दी गई। धान खरीदी से लेकर नक्सलवाद के मुद्दे तक मुख्यमंत्री ने मीडिया के सवालों पर खुलकर जवाब दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि यह बैठक दुर्ग जिले की पावन धरा पर सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, मंत्रीगण, सांसद, विधायक तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सदस्यों द्वारा पिछड़ा वर्ग के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण और उपयोगी सुझाव दिए गए।

80 करोड़ के बजट से होगा पिछड़ा वर्ग का विकास

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यद्यपि भारत सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ओबीसी वर्ग को मिल रहा है, फिर भी विकास के लिए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता को देखते हुए इस विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस प्राधिकरण के लिए 80 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है, जिसके माध्यम से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
यह प्राधिकरण राज्य के 35 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करता है, जिससे 18 से 19 जिले लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में कुल 5 विकास प्राधिकरण गठित किए गए हैं, जिनमें—

▪️जशपुर-सरगुजा विकास प्राधिकरण

▪️बस्तर विकास प्राधिकरण

▪️मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण

▪️अनुसूचित जाति-जनजाति विकास प्राधिकरण

▪️पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण शामिल हैं।

धान खरीदी में कोई किसान वंचित नहीं

धान खरीदी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर से 31 जनवरी तक लगातार ढाई महीने तक सरकार द्वारा धान खरीदी की गई।
जिन किसानों की फसल समय पर नहीं आ पाई, उनका सत्यापन कर दो दिन अतिरिक्त खरीदी की गई। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश का कोई भी किसान धान बेचने से वंचित नहीं रहा।

31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त होगा

नक्सलवाद के सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पूरे देश से नक्सलवाद समाप्त करने का संकल्प है, जो निश्चित रूप से पूरा होगा।

दुर्ग को मिलेगा प्रदेश का पहला आईटी पार्क

इस दौरान दुर्ग में प्रदेश का पहला आईटी पार्क स्थापित करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। कार्यक्रम में भिलाई आईआईटी के निदेशक राजीव प्रकाश भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आईटी पार्क की शुरुआत 40 कंपनियों के साथ की जा रही है, जिससे प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा और दुर्ग तकनीकी विकास का नया केंद्र बनेगा।