वजनदार लोहे की चपेट में आने से मजदूर की मौत, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का मामला

वजनदार लोहे की चपेट में आने से मजदूर की मौत, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का मामला


🔴विगत ढाई माह से कर रहा था काम, बिहार का था रहने वाला

भिलाईनगर, 19सितंबर 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह काम के दौरान वजनदार लोहे की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सिंह (46 वर्ष), निवासी जिला शिवांग बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 1 जुलाई से बीके ग्रुप की मयूर कंपनी में काम कर रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे काम के दौरान चंद्रशेखर सिंह वजनदार लोहे की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए बीएम शाह अस्पताल, शास्त्री नगर सुपेला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मृतक का शव फिलहाल बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।