अमर शहीद कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर 25 को भव्य श्रद्धांजलि समारोह

अमर शहीद कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर 25 को भव्य श्रद्धांजलि समारोह


भिलाईनगर, 24 जुलाई 2026। कारगिल युद्ध के वीर योद्धा एवं वीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर 25 जुलाई को भिलाई के हुडको स्थित शहीद कौशल यादव स्मारक स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ आर्मी वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में सुबह 11 बजे से होगा।

इस संबंध में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष हरप्रीत सिंह ने बताया कि समारोह में शहीद कौशल यादव के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि समारोह के साथ रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।

फाउंडेशन ने प्रदेश के सभी पूर्व सैनिकों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर अमर शहीद कौशल यादव को श्रद्धासुमन अर्पित करने और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करने की अपील की है।

प्रेसवार्ता में हरप्रीत सिंह (पूर्व सैनिक एडवेंचर), कैप्टन ओ.पी. सिंह, मनीष शर्मा, वी.के. सिंह, बेनी प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार और नेहा मोदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।