सेक्टर-2 में तारापीठ के मनोकामना मंदिर की थीम पर सजा भव्य गणेश पंडाल

सेक्टर-2 में तारापीठ के मनोकामना मंदिर की थीम पर सजा भव्य गणेश पंडाल


🔴न्यू आजाद गणेशोत्सव समिति मना रही 42वां गणेशोत्सव, झांकी में पर्यावरण और पक्षी संरक्षण का संदेश

भिलाईनगर, 15 सितंबर 2026। न्यू आजाद गणेशोत्सव समिति, सेक्टर-2 भिलाई द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री गणेश की भव्य स्थापना के साथ गणेशोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। समिति इस वर्ष गणेश उत्सव का 42वां वर्ष मना रही है।

गणेशोत्सव के अवसर पर समिति द्वारा इस वर्ष तारापीठ स्थित मनोकामना मंदिर की थीम पर आकर्षक एवं भव्य पंडाल और झांकी तैयार की गई है। धार्मिक आस्था से जुड़ी इस थीम के साथ झांकी के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देने का प्रयास किया गया है।

पेड़-पौधों और हरियाली बचाने का संदेश

समिति के अनुसार झांकी का मुख्य उद्देश्य लोगों को पेड़-पौधों और हरियाली के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही प्रकृति और पक्षियों के संरक्षण का संदेश भी झांकी के माध्यम से दिया जा रहा है।

समिति का कहना है कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बने। इसी उद्देश्य से झांकी में पर्यावरण संरक्षण, पेड़ों की सुरक्षा और पक्षियों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता दी गई है।

समिति पदाधिकारियों के मुताबिक धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ते हुए तैयार की गई यह झांकी श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही है।

न्यू आजाद गणेशोत्सव समिति, सेक्टर-2 भिलाई के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद जे. श्रीनिवास राव ने लोगों से गणेशोत्सव में शामिल होने के साथ पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।