रोजी-रोटी की तलाश में शिवनाथ नदी में उतरा मछुआरा तेज बहाव में बहा

रोजी-रोटी की तलाश में शिवनाथ नदी में उतरा मछुआरा तेज बहाव में बहा


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 24 जुलाई 2026। मछली पकड़ने शिवनाथ नदी में उतरे एक युवा मछुआरे की तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई। घंटों तक चले तलाश अभियान के बाद देर रात उसका शव जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र स्थित देवरघटा के पास नदी में दिखाई दिया। हालांकि तेज धारा के कारण रात में शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।

बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव निवासी 28 वर्षीय सुखदेव केवट गुरुवार दोपहर अपने साथियों के साथ शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान नदी के बीच तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते पानी की धारा में बह गया।

साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही पलों में वह उनकी आंखों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि घटना का स्थान बलौदाबाजार जिले की लवन चौकी सीमा में आता है, जबकि नदी का बहाव जांजगीर-चांपा जिले की ओर है। इसे देखते हुए लवन, पामगढ़ और पचपेड़ी पुलिस ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद देर रात देवरघटा के पास नदी में सुखदेव का शव दिखाई दिया, लेकिन तेज धारा के कारण उसे तत्काल बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद शिवरीनारायण पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार को जांजगीर-चांपा पुलिस की टीम शव को बाहर निकालने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी रही।