भिलाई में फिल्मी अंदाज में अपहरण कर डकैती : 6 आरोपियो ने घटना को दिया अंजाम

भिलाई में फिल्मी अंदाज में अपहरण कर डकैती : 6 आरोपियो ने घटना को दिया अंजाम


🔴 डोंडी से आए युवकों से मारपीट कर ₹87 हजार की लूट


भिलाईनगर, 07 जुलाई 2026। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में युवक का अपहरण कर मारपीट और डकैती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छह युवकों ने डौंडी से आए दो युवकों का अपहरण कर उन्हें कई घंटों तक बंधक बनाए रखा, मारपीट की और नकदी, मोबाइल, स्कूटी सहित करीब 87,180 रुपये का सामान लूट लिया। पुलिस ने अज्ञात छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


स्कूटी खराब होने के बाद शुरू हुई वारदात


प्रार्थी करण कुमार कुर्रे, निवासी शिक्षक कॉलोनी, डौंडी (जिला बालोद) ने बताया कि वह 2 जुलाई की रात अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ मोटरसाइकिल और सफेद एक्टिवा स्कूटी से दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास स्कूटी खराब हो गई।


स्कूटी खरीदने के बहाने किया अपहरण


स्कूटी ठीक कराने के बारे में पूछने पर दो युवकों ने स्कूटी खरीदने की बात कही। कागजात नहीं होने पर उन्होंने अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों युवकों पर स्कूटी चोरी की होने का आरोप लगाकर जबरन अपने साथ ले गए।


मारपीट कर छीने मोबाइल, नकदी और गहने


पीड़ितों का आरोप है कि छह आरोपियों ने सेक्टर-6 साईं मंदिर के पास ले जाकर दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान तीन चांदी की अंगूठियां, चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, इलेक्ट्रिकल उपकरणों से भरा बैग और बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी छीन ली।


पेटीएम से भी ट्रांसफर कराए ₹18,180


आरोपियों ने मोबाइल का पिन पूछकर पीड़ित के पेटीएम खाते का बैलेंस देखा और क्यूआर कोड के जरिए 18,180 रुपये भी जबरन ट्रांसफर करा लिए।


चाकू की नोक पर बनवाया कबूलनामा


पीड़ितों के अनुसार आरोपी उन्हें मोटरसाइकिल से नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक होते हुए पुलगांव नाले के पास ले गए। वहां चाकू दिखाकर धमकाया और जबरन वीडियो बनवाकर उनसे यह कहलवाया कि वे स्कूटी चोरी कर बेचने आए थे। साथ ही वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें छोड़ दिया।


अपहरण, डकैती और लूट का मामला दर्ज


घटना की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 953/2026 दर्ज कर अज्ञात छह आरोपियों के खिलाफ धारा 140 एवं 310(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपहरण, डकैती और लूट का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।