रिश्वत लेने के आरोप में कुम्हारी थाने का आरक्षक सस्पेंड, SSP ने दिए जांच के आदेश

रिश्वत लेने के आरोप में कुम्हारी थाने का आरक्षक सस्पेंड, SSP ने दिए जांच के आदेश


दुर्ग, 07 जुलाई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल ने रिश्वत लेने के आरोप में थाना कुम्हारी में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 814 सोलोमन राजू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, बेमेतरा जिले के ग्राम देवकर निवासी विमलेश कुमार द्विवेदी ने शिकायत की थी कि थाना कुम्हारी में दर्ज सड़क दुर्घटना के एक प्रकरण का चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के एवज में आरक्षक सोलोमन राजू ने 20 हजार रुपये की मांग कर राशि प्राप्त की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक के आचरण को अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक का मुख्यालय रक्षित केंद्र, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार केवल निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

एसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक, छावनी को मामले की प्रारंभिक जांच कर तीन दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।