करेले के ढेर में छिपे कोबरा ने युवक को डसा, सब्जी बाजार में मची अफरा-तफरी

करेले के ढेर में छिपे कोबरा ने युवक को डसा, सब्जी बाजार में मची अफरा-तफरी


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 30 जुलाई 2026। बिलासपुर के नेहरू नगर के गणेश चौक स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेला के ढेर में छिपे एक जहरीले कोबरा ने सब्जी खरीद रहे युवक को डस लिया। युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई और कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर दूर हट गए।

जानकारी के अनुसार, बहतराई निवासी बिहारी साहू (32) मुंगेली से लौटते समय गणेश चौक के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने के लिए रुके थे। वह एक दुकान पर करेला चुन रहे थे, तभी करेला के ढेर में छिपे एक जहरीले कोबरा ने अचानक निकलकर उनके बाएं हाथ की उंगली को काट लिया।

सांप के डसते ही युवक तेज दर्द से चीख उठा और कुछ ही क्षण में जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उसे संभाला और तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) पहुंचाया। चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिससे उसकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप आकार में काफी छोटा था। आशंका जताई जा रही है कि वह कोबरा का बच्चा था, जो सब्जियों के बीच छिपा हुआ था। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया।

सांप दिखाई देने के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए उसे टोकरी में घेर लिया। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कोबरा को सुरक्षित पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया।