कोयले से लदा बेलगाम ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़कर पलटा, दो सगे भाइयों की मौत

कोयले से लदा बेलगाम ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़कर पलटा, दो सगे भाइयों की मौत


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 19 जून 2026। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। उसी दौरान मोटरसाइकिल से घर लौट रहे दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हाईवे के एक हिस्से में लंबा जाम लग गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

बेलतरा निवासी संदीप रजक और प्रदीप रजक दोनों भाई शिवम मोटर्स में कार्यरत थे और रोजाना की तरह गुरुवार को भी काम पर गए थे। रात करीब आठ बजे वे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे बेलतरा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, उसी समय कोरबा की ओर से आ रहा कोयला लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार वाहन डिवाइडर पर चढ़ा और पलट गया। मोटरसाइकिल सवार दोनों भाई ट्रेलर के नीचे दब गए और उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बैकहो लोडर (जेसीबी) मंगवाया। ट्रेलर को हटाने के बाद उसके नीचे फंसे दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ग्रामीणों के मुताबिक संदीप और प्रदीप अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दोनों मजदूरी और नौकरी कर घर का खर्च चलाने में सहयोग करते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों भाइयों की मौत की सूचना सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों युवक मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे।

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और डीएसपी नुपुर उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ भीड़ को नियंत्रित किया और ट्रेलर हटवाकर यातायात बहाल कराया।