🔴कोर्ट के आदेश पर सुपेला पुलिस ने महिला के खिलाफ की FIR
भिलाईनगर, 30 जुलाई 2026 । सरकारी योजनाओं में निवेश कर लाखों रुपये का लाभ दिलाने का झांसा देकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण हड़पने के मामले में न्यायालय के आदेश पर सुपेला पुलिस ने एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। आरोपी महिला पर कुल ₹6.33 लाख तथा सोने-चांदी के जेवर लेकर ठगी की है।
पुलिस के अनुसार, फरीद नगर कोहका निवासी रूबी खातून (33 वर्ष) ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि उसकी परिचित सबीना खान (45 वर्ष), निवासी संजय नगर तालाब के पास, सुपेला ने विभिन्न सरकारी योजनाओं में निवेश कराने और भविष्य में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर उससे चरणबद्ध तरीके से नकद राशि और सोने-चांदी के आभूषण प्राप्त किए।
परिवाद में बताया गया कि दोनों की पहचान विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत संचालित एक स्किल ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग योजनाओं का हवाला देकर पहले ₹3,000, फिर ₹15,000 तथा बाद में कई किश्तों में ₹50,000, ₹70,000, ₹30,000, ₹20,000 सहित कुल ₹4.50 लाख नकद और सोने की चेन, चांदी की पायल व अन्य आभूषण अपने पास ले लिए। आरोपी ने दावा किया था कि योजनाओं के परिपक्व होने पर रकम कई गुना होकर वापस मिलेगी।
जब पीड़िता ने अपनी राशि और जेवर वापस मांगे तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 9 जुलाई 2025 को नोटरी के समक्ष एक इकरारनामा भी निष्पादित हुआ, जिसमें आरोपी ने राशि और आभूषण लेने की बात स्वीकार करते हुए तय अवधि में लौटाने का वचन दिया था। इसके बावजूद सामान और रकम वापस नहीं की गई।
पीड़िता ने पहले सुपेला थाना और फिर पुलिस अधीक्षक दुर्ग से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। सुपेला पुलिस ने धारा 174 बीएनएसएस के तहत सूचना देकर मामला न्यायालय में प्रस्तुत करने की सलाह दी थी।
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रवि कुमार महोबिया ने रिकॉर्ड पर उपलब्ध इकरारनामा, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाया।
न्यायालय के आदेश के पालन में सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1074/2026 दर्ज कर आरोपी सबीना खान के विरुद्ध धारा 316(2) एवं 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों, गवाहों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है।

