🔴कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग, 18 जुलाई 2026। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर में 12वीं के एक छात्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यश कुमार डडसेना (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को यश की रसायन (केमिस्ट्री) विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा थी। परीक्षा देकर वह दोपहर में घर लौटा। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं, जबकि पिता छत्रपाल डडसेना अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे। उसकी मां एक शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं।
बताया गया कि घर लौटने के बाद यश वॉशरूम जाने की बात कहकर अंदर गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। इस पर उसकी दादी उसे देखने पहुंचीं। पहले उन्होंने टॉयलेट में तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पास में बने स्टोर रूम का दरवाजा खोला तो यश फांसी के फंदे पर लटका मिला।
इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

