बिखरे ताश के पत्ते जुए की फड़ की खोल रहे पोल, कांग्रेस पार्षद की हत्या में जुए का भी ऐंगल टटोल रही पुलिस, छावनी मार्ग किया जाम
भिलाई नगर, 16 नवंबर। भिलाई में कांग्रेस पार्षद सूरज बंछोर की हत्या के पीछे जुआ खेलने-खिलाने और लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। जहां उसकी लाश मिली वहां बिखरे ताश के पत्ते और शराब की बोतलें हत्या के मामले में इस अवैध कारोबार की भी पोल खोल रही है। आशंका जताई जा रही है कि पैसों के लेन-देन में ही पार्षद की जान गई है। अब से कुछ देर पहले पीएम पश्चात वाहन पार्षद निवास के लिए निकल चुका है। दूसरी ओर वारदात के बाद गुस्साए लोगों और परिजनों ने यहां सड़क पर जाम भी लगा दिया है। पुलिस जांच में पता लगा है कि घटनास्थल के करीब पीपल के पेड़ के नीचे रोज जुआरियों का मजमा लगता था। वहां भी ताश के पत्ते और पानी के पाउच मिले हैं। यह भी बताया जा रहा है कि वारदात से पहले पार्षद ने अपने एक परिचित को कॉल कर रुपए भी मांगे थे। उनसे फोन-पे करने के लिए कहा था। लोगों ने बताया कि बंधवा तालाब के पास रोज जुए की फड़ जमती थी। यहां दूसरे इलाकों से भी लोग दांव लगाने आते थे। इस फड़ को संरक्षण देने के नाम पर कुछ लोग उगाही भी करते हैं। यहां आने वालों को एक निश्चित रकम इसके लिए देनी होती थी। सूत्रों के मुताबिक यहां से जुए में जीत कर जाने वाले जुआरी से भी अतिरिक्त पैसे लिए जाते थे और हारने वालों को भी ब्याज में पैसे देने का धंधा चल रहा था। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है कि आखिर सूरज का किसके साथ क्यों विवाद हुआ और किसने हत्या की।

आईजी दुर्ग रेंज ओपी पाल ने कहा कि जुआ वाले पहलू पर भी जांच कर रहे हैं। संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं। कुछ लोगों को पकड़कर लाए हैं। आपसी रंजिश का मामला लगता है। लेनदेन के विवाद की भी आशंका है। जुए के विवाद की भी आशंका है। सारी आशंकाओं को देखते हुए अलग-अलग टीम बनाकर जांच कर रहे हैं। अगर जुए के लिए पुलिसकर्मियों की मिलीभगत सामने आती है तो उनके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी। हम हर स्तर से मामले की जांच कर रहे हैं।
उधर दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार में उसके ही पार्षद की हत्या के बाद पार्षद के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने छावनी चौक पर जाम लगा दिया है। पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश कर रही है। सूरज की बहन रश्मि वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार है और उनके पार्षद की इस तरह हत्या होना चिंतनीय है। दोषी चाहे कोई भी हो, उन्हें न्याय चाहिए। सूरज के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे अंशिका और 10 साल का सृजन है।

