छेड़छाड़ का विरोध करने गए पति-पत्नी को ईंट से मार आरोपी फरार, जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 19 नवंबर। कबाड़ी दुकान में काम करने वाली महिला से उसके सहकर्मी ने छेड़छाड़ का प्रयास किया जिसकी जानकारी उसने अपने पति को दी। विरोध करते हुए पति और पीड़िता ने जब आरोपी से पूछताछ करनी चाही तो उसने दोनों से मारपीट की और भाग गया। मामले की रिपोर्ट सुपेला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने बताया कि चंद्रनगर शांतिबाडी़ कुरूद रोड कोहका निवासी शीतल साहू (29 वर्ष) पेशे से ड्राइवर है तथा उसकी पत्नी विजय लक्ष्मी जांजगीर कबाड़ी दुकान में काम करती है। कल विजयलक्ष्मी ने पति शीतल के फोन पर बताया कि कबाड़ी में काम करने वाले सूरज उर्फ बाबू ने जबरन उसका हाथ पकड़ परेशान कर रह है। शीतल उसे समझाने निकला और मुरूम खदान में दुर्गा मंदिर के पास उसे सूरज उर्फ बाबू मिल गया। पत्नी को परेशान क्यों कर रहा इस सवाल के जवाब में सूरज गाली देते हुये उसे पीटने लगा। तभी विजय लक्ष्मी भी वहां आ गयी। उसे भी ईटा उठा कर सूरज ने मार दिया। शीतल के बायीं आँख, दाहिना हाथ, कान एवं गला में चोट आई है जबकि विजय लक्ष्मी के दाहिना हाथ की कलाई में, बायें हाथ की बांह में चोट आई है। चमन और अन्य लोगों के बीच बचाव के बाद आरोपी सूरज वहां से भाग गया। शीतल साहू की रिपोर्ट पर सूरज के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 336 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सुपेला पुलिस विवेचना कर रही है।

