एचएससीएल कालोनी में चार ने मिलकर युवक को पीटा, आईसीयू में भर्ती
भिलाई नगर, 28 नवंबर। एचएससीएल कालोनी में विगत रात्रि एक युवक को चार लोगों ने जमकर पीटा है। मारपीट में घायल युवक को उपचारार्थ सुपेला के एक निजी हास्पिटल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने युवक के पिता की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 324, 34 व 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि 55 वर्षीय नंदू कन्नौजिया निवासी यादव चौक रुआबांधा बस्ती ने बताया कि विगत रात वो रिसाली आजाद मार्केट से फल लेकर अपने घर वापस आ रहा थे तभी एचएससीएल कालोनी के पास अमन सरदार, विनय, संतानु का बेटा और झुमरु मिलकर उनके लड़के रोहित कन्नौजिया से गाली गलौज करते हुए उसे मार रहे हैं। उनके हाथ में डण्डे थे जिससे वो रोहित को पीट रहे थे। मारपीट से रोहित के सिर, दोनो पैर, कमर, पीठ एवं हाथ में गंभीर चोट आई है। नंदू और अमर कंडरा के विरोध पर चारों आरोपी वहां से भाग निकली। रोहित को घायल अवस्था में सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, वहां से स्पर्श अस्पताल में रेफर किया गया। जहां आईसीयू में रोहित का उपचार चल रहा है।

