30 स्कूल के छात्रों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन बहुत ही सरहनीय – ताम्रध्वज,
एमजीएम कल्चरल फेस्ट समन्वय का भव्य रहा समापन
भिलाई नगर 29 नवंबर । सेंट थॉमस महाविद्यालय भिलाई द्वारा आयोजित इंटर स्कूल एमजीएम कल्चरल फेस्ट समन्वय 2021 का भव्य समापन बहुत ही दर्शनीय रहा| इस कार्यक्रम में 8 राज्यों से 30 स्कूलों के 1150 छात्रों की प्रतिभागिता रही| कार्यक्रम के आरंभ में एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गायत्री नगर रायपुर के छात्रों ने ईश्वर को समर्पित करते हुए एक प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया| कल्चरल फेस्ट समन्वय का उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, क्रिटिकल थिंकिंग एवं नीतिगत शिक्षा का विकास करना था| सप्ताहभर चले कार्यक्रमों में ऑनलाइन माध्यम से नृत्य, गायन, कविता पाठ, लोगो डिज़ाइन, रचनात्मक टैगलाइन, फैंसी ड्रेस, बेस्ट फ्रॉम वेस्ट, कहानी वाचन, क्विज़, कोडिंग एवं विज्ञानमॉडल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी| इन कार्यक्रमों ने एमजीएम समूह के स्कूलों के छात्रों को वास्तविक जीवन में स्वयं को तैयार करने एवं अपनी व्यक्तिगत कलाओं को सुदॄढ करने के बहुत से अवसर प्रदान किये| डायोसियन शिक्षा अधिकारी एवं सेंट थॉमस महाविद्यालय के प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ जोशी वर्गीस ने अतिथियों एवं स्कूलों के प्रतिभागियों का ह्रदय से स्वागत करते हुए सप्ताह भर चले कार्यक्रम की जानकारी दी एवं कहा कि यद्यपि महामारी ने जीवन के बहुत से कार्यों में गतिरोध पैदा किया है पर यह शिक्षा जगत को उभारने के लिए एक अवसर के रूप में प्रस्तुत हुआ है| बहुत सी शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन माध्यम पर हस्तांतरित हो गयी हैं| अपनी ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि एमजीएम कल्चरल फेस्ट ने विभिन्न स्कूलों से अधिकतम प्रतिभागियों की उपस्थिति से आशीर्वाद का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है| उन्होंने डिजिटल कोष, एमजीएम स्मार्ट प्रोजेक्ट, एमजीएम मैगज़ीन दर्पण की ऑनलाइन उपलब्धता एवं एमजीएम समूह के लोगो ओलम्पियाड के पुनः आरंभ होने की भी घोषणा की| हिस ग्रेस डॉ. जोसेफ मार डायनोशियस मेट्रोपोलिटन एवं मैनेजर बिशप सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि एमजीएम फेस्ट ने सभी संस्थाओं में एक ही छत के नीचे सभी कर्मचारियों एवं छात्रों को लाकर संगीत की धारा का आरंभ किया| सभी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एमजीएम फेस्ट सहयोग एवं साथ की भावना से परिपूर्ण था| समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू थे| उन्होंने कहा कि महामारी की चुनौतियों के बीच इस प्रकार से छात्रों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन बहुत ही सरहनीय है| नागालैंड सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक एवं आईएएस अधिकारी शाहनवाज विशिष्ट अतिथि थे एवं इस अवसर पर उन्होंने एमजीएम समूह के द्वारा छात्रों को फेस्ट के माध्यम से जोड़ने की सराहना की| इस प्रकार छात्रों एवं प्राध्यापकों के लिए यह एक शैक्षणिक अनुभव रहा| सभी प्रकार के कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के परिणाम प्रबंधन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ सुसन आर. अब्राहम द्वारा घोषित किये गए| एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 6 भिलाई कार्यक्रम का विजेता रहा जबकि एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राउरकेला कार्यक्रम में उपविजेता रहा| कार्यक्रम में द्वितीय उपविजेता की ट्रॉफी एमजीएम पब्लिक स्कूल भिलाई को मिली| समापन कार्यक्रम में एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राउरकेला, सेंट मैरी स्कूल जबलपुर, एमजीएम पब्लिक स्कूल भिलाई, मार बेसेलियस विद्या भवन भिलाई एवं एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 6 भिलाई के छात्रों ने मनोरम नृत्य प्रस्तुत किया| एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 6 भिलाई के छात्रों ने सुंदर गीत से सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों को रोमांचित कर दिया| डॉ शुभा दीवान ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सारांश प्रस्तुत किया| एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोकारो के प्राचार्य रेवरेंट फादर सी. वर्गीस ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष उपस्थितों का आभार व्यक्त किया| इस समापन समारोह में सेंट थॉमस मिशन के डायोसियन सचिव राइट रेवरेंट फादर थॉमस रमब्बान, आरेवरेंट फादर जोस के वर्गीस, कोषाध्यक्ष रेवरेंट फादर अज्जू के. वर्गीस, सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई के प्राचार्य डॉ एम जी रोईमोन, सेंट थॉमस मिशन के सभी पदाधिकारी, एवं इस कार्यक्रम की संयोजक सेंट थॉमस महाविद्यालय के जूलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ जयश्री बालासुब्रमणियम आदि उपस्थित थे| इस समस्त कार्यक्रम के सफल संचालन में माइकल फर्नांडीज़ एवं उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग दिया|।

