नागपुर से रायपुर आ रहा लोढ़ें परिवार दुर्ग बाइपास पर दुर्घटना का शिकार, पति की मौत, पत्नी आईसीयू में
भिलाई नगर, 30 नवंबर। नागपुर से रायपुर एक विवाह समारोह में शामिल होने कार से निकला लोढ़ें परिवार दुर्ग बाइपास रोड पर पीपरछेडी़ में सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ है। पीछे से एक अन्य वाहन चालक ने कार को ठोकर मार दी जिससे कार में पीछे बैठे पति-पत्नी को गंभीर तथा कार चला रहे बेटे को भी चोट आई है। दुर्घटना में घायल पति की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि पत्नी आईसीयू में है। पुलगांव पुलिस ने आज दोपहर हुई रिपोर्ट पर दुर्घटना कर फरार वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 337 व 304-ए के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलगांव थाना के एएसआई नरेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि जागृत नगर पाटनकर कालोनी नागपुर निवासी 21 वर्षीय अक्षय लोढ़ें बीती रात कार क्र एमएच 40 केआर 8346 से अपनी मां श्रीमती ललिता लोढें और पिता दिवाकर लोढें को लेकर कार को स्वयं चलाते हुए नागपुर से रायपुर शादी कार्यक्रम के लिए आ रहा था तभी दुर्ग बाई पास पर ग्राम पीपरछेडी़ के पास वाहन क्र सीजी 11 एएल 0211 का चालक तेज रफ्तार एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी कार को पीछे से ठोकर मार एक्सीडेंट कर दिया। जिससे कार में बैठे दिवाकर लोढें, श्रीमती ललिता लोढें को गंभीर चोट आई। सूचना पर घायलों को रात में ही उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी मे भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान दिवाकर लोढ़ें की मृत्यु हो गई जबकि ललिता के सिर, दाहिने कंधे एवं चेहरे में गंभीर चोंट का उपचार हास्पिटल में जारी है। अक्षय की रिपोर्ट पर आरोपी वाहन क्रमांक सीजी 11 एएल 0211 के चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

