🛑 नंदिनी टाउनशिप की घटना, अकेले रहती थी घर पर, हत्या की आशंका
भिलाई नगर 13 जुलाई। नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत घर पर अधेड़ महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। जिसके सिर पर चोट का निशान है एवं कान से खून बह रहा था। नंदिनी पुलिस के द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। फिलहाल मर्ग कायम कर शॉर्ट पीएम के लिए बॉडी को भेज दिया गया है।
नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने बताया कि नंदिनी टाउनशिप स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे झोपड़ी में घर बनाकर रहने वाली कुंवारिन बाई यादव पति विष्णु राम यादव 45 वर्ष रहती थी। कुंवारिन बाई मूलत ग्राम हरदी की रहने वाली थी । परंतु एक दशक से भी ज्यादा समय से नंदिनी टाउनशिप में अकेले रह रही थी। घरों में साफ सफाई का काम किया करती थी। आज उनके पड़ोसी के द्वारा घर पर मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान देखा कि महिला के सिर पर चोट का निशान है एवं कान से खून बह रहा था। संदिग्ध अवस्था होने के कारण पुलिस के द्वारा महिला के हत्या की संभावना व्यक्त की गई। फिलहाल नंदिनी पुलिस के द्वारा पंचनामा कार्यवाही के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।

