शिवनाथ नदी में अभी भी बाढ़ का खतरा महमरा एनीकट से 9 फीट ऊपर बह रहा पानी

शिवनाथ नदी में अभी भी बाढ़ का खतरा महमरा एनीकट से 9 फीट ऊपर बह रहा पानी


सीजी न्यूज ऑनलाइन 10 जुलाई । शिवनाथ नदी दुर्ग महमरा एनीकट से पानी 9 फीट ऊपर बह रहा है। अभी भी जलाशयों से करीब 8000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश होने के कारण पानी की आवक बनी हुई है जिसके चलते अभी भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ में हफ्तेभर से लगातार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने 9 जिलों बलरामपुर, बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, कोरिया, महासमुंद, रायपुर और सूरजपुर में अचानक बाढ़ आने का खतरा जताते हुए अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा आज सेंट्रल छत्तीसगढ़ के दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, महासमुंद, गरियाबंद सहित 10 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा जिले के लिए भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। जबकि बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सुरगुजा, बलरामपुर, में हलकी वर्षा की संभावना है।

शिवनाथ में अभी भी जलाशयो से आ रहा 8000 क्यूसेक पानी

कार्यपालन यांत्रिक जल संसाधन विभाग देव शुक्ला ने बताया कि शिवनाथ नदी में मोगरा जलाशय से 4000 क्यूसेक घुमरिया जलाशय से 1200 क्यूसेक, सूखानाला जलाशय से 2500 क्यूसेक एवं खातुटोला जलाशय से भी पानी छोड़ा जा रहा है। मोगरा जलाशय के दो गेट खोले गए हैं।

कल से बारिश होगी कम

इसके बाद कल यानी 11 जुलाई से बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है। बुधवार को दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश हुई।