नर्स ने प्रेमी को वीडियो कॉल कर की खुदकुशी, सैनिटाइजर पिया और फंदे से झूल गई, पुलिस प्रेमी से कर रही पूछताछ
भिलाई नगर, 9 दिसंबर। एक नर्स अपने प्रेमी से इतनी नाराज हो गई कि उसने मौत को गले लगा लिया। मरने से पहले नर्स ने प्रेमी को वीडियो कॉल कर उसे धमकाया कि वह अगर उसकी बात नहीं मानेगा तो वह सुसाइड कर लेगी। इसके बाद उसने प्रेमी के मन में खौफ पैदा करने के लिए सैनिटाइजर भी पी लिया। प्रेमी ने मना कर उसे समझाने की कोशिश की तो उसने फांसी का फंदा बनाया उसे पंखे से बांधा और देखते ही देखते फंदे में झूल गई।
सुपेला पुलिस ने बताया कि नर्स ने मोबाइल स्क्रीन रिकार्डर के जरिए पूरी घटना को रिकॉर्ड भी किया है। मृतका का मोबाइल लॉक है। उसे खुलवाने के लिए भेजा गया है, उसके बाद घटना की सारी सच्चाई पता चल जाएगी।
सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि कोरबा निवासी नीरा कुमारी (24 वर्ष) भिलाई के एक निजी अस्पताल में नर्स थी। वह सुपेला कांट्रैक्टर कॉलोनी के राकेश उर्फ देवानंद के घर में किराए से रहकर ड्यूटी करती थी। उसके साथ आशा नाम की एक रूप पार्टनर भी रहती थी। आशा ने पुलिस को बताया कि नीरा ने दो दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी ली थी। उसने बताया था कि वह अपने बहन के घर जा रही है और दो दिन बाद आएगी। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नीरा अपने कमरे में ही थी और उसकी रूम पार्टनर आशा मॉल में ड्यूटी करने चली गई। जब वह शाम 6 बजे घर लौटी तो देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। उसने काफी दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने नहीं खोला न ही अंदर से कोई आवाज आई। इसके बाद आशा ने खिड़की से झांक कर देखा तो नीरा पंखे से फंदे में झूल रही थी। आशा ने तुरंत इसकी सूचना सुपेला पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच फंदे से शव को उसे नीचे उतारा। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया। पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस के अनुसार इस मामले में प्रेम संबंध में खटास की बात सामने आने पर उन्होंने प्रेमी से संपर्क किया है। प्रेमी से पूछताछ की जा रही है। नर्स ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसके बारे में उससे पूरी जानकारी ली जा रही है।

