सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर दुर्ग की महिला आरोपी ने की 50 लाख की ठगी

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर दुर्ग की महिला आरोपी ने की 50 लाख की ठगी


🛑 सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 23 जून। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बिलासपुर की एक युवती और उसके पांच परिचितों से 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता मोनिषा सिंह की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी रजत गुप्ता और प्रिया देशमुख के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोनिषा सिंह (26), हेमूनगर निवासी, ने बताया कि उसका संपर्क दुर्ग निवासी प्रिया देशमुख से सुरेश साहू और खिलेश्वरी साहू के जरिए हुआ, जो उसका पुराना परिचित है। प्रिया ने बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ है और सीएम हाउस में अधिकारी अंबिकापुर के रजत गुप्ता से उसकी जान-पहचान है। प्रिया ने भरोसा दिलाया कि वह और रजत मिलकर सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं।

इस भरोसे में आकर मोनिषा ने खुद 17.50 लाख रुपये दिए और अपने पांच परिचित संतोष कुमार, गौतम बाई, आकाश शर्मा, ज्योतिष कुमार और श्यामा देवी को भी नौकरी लगवाने के लिए तैयार किया। सभी ने मिलकर कुल 50 लाख रुपये नकद और बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों को दिए।

पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने यह रकम कर्ज लेकर, गहने और जमीन बेचकर जुटाई। प्रिया देशमुख ने यहां तक झांसा दिया कि उसने खुद भी 20 लाख रुपये देकर अपनी नौकरी लगवाई थी और सभी को 6 महीने के भीतर नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। आरोपियों ने उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमाए, लेकिन बाद में कोई सरकारी जॉइनिंग नहीं हुई।

जब कई महीने बीतने के बाद भी कोई नौकरी नहीं मिली और पैसे भी नहीं लौटाए गए, तो मोनिषा और अन्य पीड़ितों ने आरोपियों से कई बार संपर्क किया। आरोपियों ने फोन नहीं उठाया और जब-तब बहाने बनाते रहे। अंततः तंग आकर 21 जून को मोनिषा ने लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दी।

पुलिस ने मामले की जांच कर मोनिषा की शिकायत को प्रथम दृष्टया सही पाया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 318 (4) और 338 के तहत अपराध दर्ज किया। एफआईआर में बताया गया है कि ठगी की रकम अक्टूबर 2023 से सितंबर 2024 के बीच चंदेला नगर, रजिस्ट्री ऑफिस, तितली चौक, गांधी चौक और दुर्ग जैसे स्थानों पर दी गई।

सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। बैंक ट्रांजेक्शन की जांच और अन्य पीड़ितों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ।