स्थानीय सरकार के निर्वाचन के लिए मतदान दलों की रवानगी, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सभी केंद्रों में सेल्फी जोन
दुर्ग 19 दिसंबर। जिले में तीन नगर निगम एक नगर पालिका परिषद एवं एक उप निर्वाचन के लिए मतदान दलों की रवानगी आरंभ हो गई है। आज सुबह से ही विभिन्न नगरीय निकायों में मतदान दलों ने अपनी आमद दे दी तथा यहां से पूरी तैयारियों के पश्चात रवानगी आरंभ हो गई। भिलाई निगम में 149 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं जिन पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था जिला निर्वाचन आयोग द्वारा की गई है । 20 दिसंबर को सभी निकायों के लिए 613246 मतदाताओं के द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया जाएगा।

भिलाई में मतदान दलों की रवानगी आरंभ होने के मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे एवं एसएसपी बद्रीनारायण मीणा भी उपस्थित थे। इसके साथ ही रिटर्निंग ऑफिसर श्रीमती पद्मिनी भोई एवं निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे भी उपस्थित थे। इस मौके पर कलेक्टर ने उपस्थित मतदान दलों से बातचीत की। मतदान दलों ने कलेक्टर को बताया कि उन्होंने ट्रेनिंग में दिए गए सारे निर्देशों के मुताबिक व्यवस्था कर ली है और ट्रेनिंग में बताएं निर्देशों के मुताबिक मतदान कराने उनकी पूरी तैयारी हो गई है। कलेक्टर ने उनसे किट के भीतर सभी सामग्री एक बार पुनः जांच लेने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि आप निर्वाचक नामावली, सुभेदक चिन्ह, मत पेटी की गुणवत्ता सुनुश्चित कर लें। कलेक्टर ने मतदान दलों से इस मौके पर कहा कि किसी भी तरह से दिक्कत होने पर अपने सेक्टर ऑफिसर को तुरंत जानकारी प्रदान करें। निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें। मतदान केंद्रों में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन पूरी तरह से सुनिश्चित करें। पूरी तरह से पारदर्शिता बरतें। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पहुंचते ही सेक्टर ऑफिसर को अवगत कराएं। यहां किसी तरह की दिक्कत महसूस होने पर तुरंत जानकारी प्रदान करें ताकि अविलंब इसका निराकरण किया जा सके। कलेक्टर ने रिटर्निंग ऑफिसर श्रीमती पद्मिनी भोई से भी तैयारियों की जानकारी ली। रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई है। मतदान दलों को भी सारी सामग्री प्रदान की जा चुकी है। कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए सैनिटाइजर एवं मास्क भी किट में उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही मतदान दलों को निर्देशित भी किया गया है कि कोविड प्रोटोकॉल का यथोचित पालन करें।

भिलाई निगम के लिए रिटर्निंग अफसर श्रीमती पद्मिनी भाई साहू ने बताया कि वितरण स्थल कल्याण महाविद्यालय से आज सुबह से ही मतदान दलों को निर्वाचन की सारी सामग्री सौंपने के बाद सुरक्षा बल प्रदान करते हुए 463 मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। सकुशल पहुंचने तक 31 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं जो मॉनिटरिंग करेंगे। व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए मतदान दलों के साथ एवं मतदान केंद्रों में सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गई है किसी भी स्थिति में सभी कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है कि वह तत्काल सेक्टर ऑफिसर को सूचना देवे श्रीमती भाई ने कहा कि नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में 149 संवेदनशील मतदान केंद्र है 80 ऐसे मतदान केंद्र हैं जहां पर में 1000 से ज्यादा मतदाता है इन सभी केंद्रों पर जिला निर्वाचन की विशेष नजर है और यहां शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है अत्यधिक मतदान हो सके इसके लिए विगत 1 माह से लगातार निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए हैं विशेषकर युवाओं के लिए मॉल में भी कार्यक्रम रखे गए थे जागरूकता रैलियां निकाली गई और मतदान के दिन 20 दिसंबर को भी अधिक से अधिक संख्या में मतदान हो सके इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र में सेल्फी जोन भी बनाया गए हैं ताकि मतदाता मतदान के पश्चात सेल्फी ले सके।

उल्लेखनीय है कि भिलाई के साथ रिसाली निगम, भिलाई चरोदा निगम, जामुल तथा उतई में भी मतदान दलों की रवानगी आरंभ हो गई है। अधिकारियों ने इन स्थलों का भी भ्रमण किया तथा मतदान दलों से चर्चा की एवं मतदान दलों को कहा कि गाइडलाइन के मुताबिक सभी तरह की तैयारियां सुनिश्चित कर लें। सेक्टर ऑफिसर से समन्वय कर लें ताकि निर्वाचन निर्विध्न एवं पारदर्शी रूप से संपन्न किया जा सके।

इलेक्शन अपडेट
* 226 भवनों में 733 मतदान केंद्र
*भिलाई 463 मतदान दल
* रिसाली 122 दल
* भिलाई चरौदा 112 दल
*जामुल 35
* उतई 1 दल
20 प्रतिशत अतिरिक्त दल सभी जगहों पर होंगे।
सेक्टर ऑफिसर कुल 61
भिलाई 32
रिसाली 13
भिलाई चरौदा 12
जामुल 3
उतई 1
बसों का अधिग्रहण 154
कोरोना संक्रमण को लेकर विशेष एहतियात
. 2 स्वास्थ्य कर्मी केंद्रों में
. मतदान किट में सैनिटाइजर, मॉस्क, मतदान केंद्रों में भी सैनिटाइजर उपलब्ध होगा।
सुबह मतदान दल करेंगे रिपोर्टिंग

