युवक से मारपीट, बीच बचाव करने पहुंची बहन को भी चोट
भिलाई नगर, 21 दिसंबर। पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों ने मोहल्ले के ही 20 वर्षीय शेख समीर की पिटाई कर दी। बीच बचाव करने आई समीर की बहन को भी चोट आई है। कल रात की यह घटना नेहरू नगर स्थित रैश्ने आवास की है। रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने देर रात आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34 व 506 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि नेहरू नगर रेश्ने आवास सुपेला निवासी शेख समीर शिवालिक कंपनी हथखोज में पेंटिंग का काम करता है। कल रात वह घर के सामने खड़ा था तभी मोहल्ले का आशू और उसका भाई सुमन, अंकुश आए और पुरानी रंजिश को लेकर गाली गलौज करने लगे। मना करने पर उन्होंने आवेश में आकर डंडा से समीर को पीटने लगे।समीर की कमर, होंठ व सिर में चोट आई है। बीच बचाव करने आई समीर की बहन सुहानी को भी चोट आई है। मोहल्ले के ही अशोक एवं मनोज ने बीच बचाव किया तो आरोपी भाग गए।

