CG : प्रकाश इंडस्ट्रीज में हादसा, GM समेत 13 लोग झुलसे, 3 की हालत नाजुक

CG : प्रकाश इंडस्ट्रीज में हादसा, GM समेत 13 लोग झुलसे, 3 की हालत नाजुक


सीजी न्यूज ऑनलाइन 13 अप्रैल । जांजगीर के चाम्पा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज में फर्नेश के पास कार्य करते आग की चपेट में आने से प्लांट के GM, सीनियर शिफ्टिंग इंचार्ज समेत 13 कर्मचारी घायल हुए हैं. सभी का इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है. यहां GM समेत 3 कर्मचारियों की हालत नाजुक है. इन तीनों 65 से 70 फीसदी झुलसे हैं, जिन्हें एयर एंबुलेंस से दूसरे बड़े शहर ले जाने की तैयारी चल रही है.
शनिवार की सुबह प्लांट के फर्नेश की भट्ठी का केबल खराब हो गया, जिसे दोपहर 3 बजे तक बदला गया. इस दौरान फर्नेश के ऊपरी हिस्से में आयरन की परत जम गई और भट्ठी को चालू करने के लिए शाम 4 बजे फर्नेश के ऊपर से लोहे की परत हटाई जा रही थी. इस दौरान GM अनुप चतुर्वेदी पहुंचे थे. यहां आग का लावा निकला और मौके पर मौजूद 13 लोग चपेट में आ गए. हादसे के बाद प्लांट में हड़कम्प मच गया. घायलों को प्लांट के अस्पताल ले जाया गया. यहां से सभी 13 घायलों को रायपुर रेफर किया गया, जहां सभी का इलाज जारी है.
इधर, घटना के बाद कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी विवेक शुक्ला, औद्योगिक सुरक्षा के सहायक संचालक राहुल पटेल, प्लांट पर पहुंचे. यहां कलेक्टर ने प्रबंधन को सभी घायलों का बेहतर इलाज के निर्देश दिए, वहीं हादसे की जांच के भी निर्देश दिए हैं. इस पर औद्योगिक सुरक्षा के अधिकारी ने जांच शुरू कर दी है.