कांग्रेस के गिरवर, कृष्णा, अनूप, सुनीता और भाजपा से दया सिंह सर्वाधिक मतों के अंतर से जीते

भिलाई नगर, 24 दिसंबर। दुर्ग जिले में तीन निगम एक पालिका और एक नगर पंचायत में नगरीय निकाय चुनाव सपन्न हो गया है। कल हुई मतगणना के बाद तीनों निगम में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने जहाँ अपना परचम लहराया वहीं भाजपा को जामुल नगर पालिका की जीत से ही संतोष करना पड़ा है। एक प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर जामुल में जनता कांग्रेस और भिलाई में बहुजन समाज पार्टी का भी खाता खोल दिया है। सबसे बडे़ 70 वार्डों वाले भिलाई नगर निगम में वार्ड 44 लक्ष्मीनारायण वार्ड से भाजपा के दया सिंह ने 1 हजार 688 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंदी मानवेंद्र सिंह को 981 मतों के अंतर से पराजित किया वहीं रिसाली नगर निगम में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल वाले कांग्रेस के प्रत्याशी अनूप डे रहे। वार्ड 30 से अनूप डे ने 998 मत हासिल कर अपने निर्दलीय प्रतिद्वंदी चुम्मन देशमुख को 753 मतों से हराया। भिलाई 3 चरौदा नगर निगम में सबसे अधिक मतों के अंतर से कांग्रेस का ही प्रत्याशी जीता है। वार्ड 37 से कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णा चंद्राकर ने 1252 मत पाकर अपनी प्रतिद्वंदी भाजपा की गायत्री यदु को 1080 मतों के अंतर से हराया। जामुल नगर पालिका में कांग्रेस में वार्ड 12 से सुनीता चेन्नेवार ने 594 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को सबसे अधिक 421 मतों के अंतर से हराया।

*राजा पराजित, रिकाउंटिंग बाद भी पीयुष मिश्रा ही जीते*
भिलाई नगर निगम के वार्ड 38 से भाजपा के पीयुष मिश्रा ने 1 हजार 485 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजा देवांगन को 29 मतों से हराया। पीयुष को जब कल रात प्रमाणपत्र देने के लिए मंच पर बुलाया गया तो रिटर्निंग ऑफिसर ने रिकाउंटिंग की बात कह कर उनका प्रमाणपत्र रोक दिया था मगर रिकाउंटिंग बाद भी पीयुष ने जीत दर्ज की।

*शुरूआत से पीछे रहे रिकेश ने अंत में मारी बाजी*
भिलाई निगम के वार्ड 26 से भाजपा के रिकेश सेन शुरूआती राउंड में अपने प्रतिद्वंदी से पीछे चल रहे थे। हर बार अलग-अलग वार्ड से चुनाव लड़कर जीतने वाले रिकेश का जैसे जैसे राउंड बढा़, मतों का ग्राफ भी बढ़ता गया। उन्होंने 1 हजार 532 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के बलदाऊ पिपरिया को 141 मतों के अंतर से हरा दिया।
*भिलाई निगम में कांग्रेस के गिरवर साहू रेकार्ड मतों से विजयी*
भिलाई निगम के वार्ड 12 से कांग्रेस के उम्मीदवार गिरवर बंटी साहू ने 3 हजार 488 मत प्राप्त कर कांग्रेस ही नहीं भिलाई नगर निगम में सबसे अधिक मतों से जीत हासिल की। उन्होंने प्रतिद्वंदी भाजपा के गोपाल साहू को 2 हजार 137 मतों के अंतर से मात दी।
*कांग्रेसी आदित्य सिंह और एकांश बंछोर की ऐतिहासिक जीत*
भिलाई निगम से कांग्रेस के युवा उम्मीदवार आदित्य सिंह ने वार्ड 7 से 2 हजार 767 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी रमेश श्रीवास्तव को 1 हजार 812 मतों से मात दी। वार्ड 59 से कांग्रेस प्रत्याशी एकांश बंछोर ने 2 हजार 359 मत हासिल कर भाजपा के शिवप्रकाश शिब्बू को 1 हजार 660 मतों से मात दी।

*टाउनशिप में लक्ष्मीपति और नीरज पाल का दबदबा बरकरार*
भिलाई निगम के वार्ड 60 से नीरज पाल ने 1 हजार 821 मत प्राप्त कर भाजपा की शैलबाला साहू को 1 हजार 507 मतों से हराया। वहीं वार्ड 66 से कांग्रेस के लक्ष्मीपति राजू ने 2 हजार 573 मत प्राप्त कर भाजपा के लल्लन यादव को 1 हजार 519 मतों से मात दी है।
*रिसाली से भाजपा के खिलेंद्र और निर्दलीय टीकम की बडी़ जीत*
रिसाली के वार्ड 35 से भाजपा के प्रत्याशी खिलेंद्र चंद्राकर ने 1 हजार 448 मत प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंदी कांग्रेस की लक्ष्मी बाई को 734 मतों के अंतर से हराया। निर्दलीय में वार्ड 2 के प्रत्याशी टीकम साहू ने 977 वोट पाकर अपने प्रतिद्वंदी निर्दलीय विष्णुदत्त साहू को 630 मतों के अंतर से हराया है।
*चरौदा से भाजपा के तुलसी और निर्दलीय मनोज का बेहतर प्रदर्शन*
भिलाई-3 चरोदा निगम के लिए भाजपा से वार्ड 12 के प्रत्याशी तुलसीराम ध्रुव ने 1 हजार 329 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस की उषा ध्रुव को सबसे अधिक 708 मतों के अंतर से हराया है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी में वार्ड 5 के प्रत्याशी मनोज कुमार ने 757 वोट पाकर अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के जय प्रकाश लहरे को 243 मतों के अंतर से हाराया।
*जामुल में भाजपा की शांति और निर्दलीय चुम्मन का उम्दा प्रयास*
जामुल नगर पालिका परिषद के वार्ड 20 की भाजपा प्रत्याशी शांति टंडन ने 611 मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस की गीतेश्वरी चतुर्वेदी को 317 मतों के बड़े अंतर से हराया। वहीं वार्ड 16 निर्दलीय प्रत्याशी चुम्मन वर्मा ने 594 मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय में सबसे अधिक 182 मतों के अंतर से कांग्रेस के प्रत्याशी राजेंद्र वर्मा को मात दी है।

