*लगातार दूसरे दिन भी कोरोना संक्रमित की मौत से जिले में हड़कंप, कुल एक्टिव 36 मरीज हॉस्पिटलाइज्ड, दो होम आइसोलेट*

*लगातार दूसरे दिन भी कोरोना संक्रमित की मौत से जिले में हड़कंप, कुल एक्टिव 36 मरीज हॉस्पिटलाइज्ड, दो होम आइसोलेट*


लगातार दूसरे दिन भी कोरोना संक्रमित की मौत से जिले में हड़कंप, कुल एक्टिव 36 मरीज हॉस्पिटलाइज्ड, दो होम आइसोलेट

भिलाई नगर, 25 दिसंबर। चुनावी दंगल के बीच दुर्ग जिले में कोरोना संक्रमण अब फिर बढ़ने लगा है। वृहस्पतिवार और शुक्रवार दोनों दिन कोरोना से एक-एक मौत और सात नये संक्रमित मिलने से जिले भर में हड़कंप मचा हुआ है क्योंकि लगातार दो मौतों के बाद अब तक कोरोना से होने वाली कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 1 हजार 805 पहुंच गया है। इन दिनों एक्टिव केस 38 हैं। यहां 36 संक्रमितों का उपचार अलग-अलग हास्पिटल में जारी है जबकि दो संक्रमित होम आइसोलेट हैं। 

सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने कहा कि जिले में कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग टीम हर घर दस्तक अभियान चलाकर वैक्सीनेशन कर रही है। बाजार और धान संग्रहण केंद्र में भी वैक्सीनेशन हो रहा है। संक्रमण रोकने बाहर से आने वाले सभी लोगों पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। विदेश से आए लोगों का कोविड टेस्ट कराने के साथ ही उन्हें होम कोरंटाइन भी किया जा रहा है। ठंड बढ़ने से लोगों में सर्दी खांसी और बुखार की समस्या अधिक मिल रही है। ऐसे में जरूरी है कि इस बीमारी को वायरल समझ कर हल्के में न लें और पहले कोविड नियमों का पालन कर खुद को सर्दी से बचाएं। यदि सर्दी खांसी व बुखार आदि के लक्षण हों तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें और कोविड टेस्ट कराएं। वैक्सीनेशन करा चुके लोगों को भी कोविड नियमों का पालन करना जरूरी है। 

गौरतलब हो कि वृहस्पतिवार को कोरोना से एक बुजुर्ग (75 वर्ष) ने दम तोड़ दिया जबकि कल 50 वर्षीय महिला जिसका उपचार सेक्टर-9 हास्पिटल में सात दिनों से किया जा रहा था, की मौत हो गयी है। उसे कोविड संक्रमण के साथ-साथ अन्य बीमारी भी थी। 

विदित हो कि अब तक जिले में अब तक कुल 97 हजार 81 लोग कोरोना संक्रमित हुए और इसमें से 95 हजार 239 लोग ठीक हो चुके हैं।