🛑 4 पेज का नोट लिख अमित यादव ने दे दी जान
सीजी न्यूज ऑनलाइन 04 अप्रैल । इटावा के ऊनवा संतोषपुर गांव में 23 वर्षीय अमित कुमार यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में पत्नी, सास, साली और साले को जिम्मेदार ठहराया. पत्नी के मामा से अवैध संबंध का आरोप लगाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यूपी के इटावा जिले के चौबिया क्षेत्र के ऊनवा संतोषपुर गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से 4 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने अपनी मौत के लिए पत्नी, सास, साली और साले को जिम्मेदार ठहराया है. युवक ने सुसाइड नोट में पत्नी के मामा से अवैध संबंध होने की बात भी लिखी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
23 साल के अमित कुमार यादव ने अपने घर की दूसरी मंजिल पर पंखे से लटककर जान दे दी. अमित की शादी डेढ़ साल पहले रिंकी नाम की युवती से हुई थी और उनका चार महीने का बेटा भी है. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच तनावपूर्ण संबंध थे और अक्सर विवाद होते रहते थे. कुछ दिन पहले अमित की पत्नी मायके चली गई थी. घटना के समय अमित के पिता निमंत्रण में गए हुए थे और मां घर के बाहर काम कर रही थीं. जब काफी देर तक अमित बाहर नहीं आया तो उसकी मां ऊपर गईं और कमरे में पंखे से लटका हुआ शव देखकर चीख पड़ीं. शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई. गुरुवार को अमित के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया.
पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा है कि मेरी मौत की जिम्मेदार मेरी पत्नी, सास, साली और साला हैं. सारे सबूत मेरे फोन में हैं, पासवर्ड 7896 है. मम्मी-पापा रोना मत, मेरी आत्मा को शांति नहीं मिलेगी. चौबिया थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पति-पत्नी के बीच विवाद प्रतीत हो रहा है. सुसाइड नोट की गहराई से जांच की जा रही है और मोबाइल फोन को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि युवक की आत्महत्या के बाद पुलिस को 4 पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आत्महत्या के लिए कई लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है. सुसाइड नोट की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और मोबाइल फोन में भी कुछ सबूत होने की बात कही गई है, इसलिए उसे भी जांच के दायरे में रखा गया है. फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है. पुलिस पीड़ित पक्ष के प्रार्थना पत्र का इंतजार कर रही है और उसके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी. पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल फोन के जरिए सामने आई बातों की गहन जांच कर रही है.

