मुस्लिम सुमदाय ने दुर्ग सेंट्रल जेल के समक्ष किया प्रदर्शन, धार्मिक ग्रंथ का जेल में अपमान का लगाया आरोप
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने दुर्ग केंद्रीय जेल का घेराव कर जेल उप अधीक्षक के निलंबित करने की मांग की है। कल प्रदर्शन के दौरान इनका आरोप है कि दुर्ग जेल के अंदर उनकी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कार्य किया गया है। जब इसकी शिकायत जेल उप अधीक्षक से की गई तो उन्होंने भी शिकायतकर्ता के साथ दुर्व्यवहार किया इसलिए वो एकत्रित हो शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। अपनी मांग रखी है। कल शाम हुए इस विरोध प्रदर्शन में समुदाय के लोगों ने जेल उप अधीक्षक शोभा रानी को सस्पेंड करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की लेकिन वो नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शन कर रहे अब्दुल लतीफ खान ने बताया कि केंद्रीय जेल की बैरक के अंदर उनके धार्मिक ग्रंथ का अपमान होता देख जेल में बंद मन्नान ने जब इसकी शिकायत जेल उप अधीक्षक से की तो उन्होंने आवेदन लिखकर शिकायत करने की बात कही। जब मन्नान आवेदन लेकर पहुंचा तो आवेदन में 15-20 लोगों के हस्ताक्षर कराकर लाने की बात कही गई। आरोप है कि मन्नान ने यह भी कर दिया तो जेल उप अधीक्षक ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। यह बात मन्नान ने उससे मिलने गई अपनी मां और भाई से की। जब इसकी जानकारी समाज के अन्य लोगों को हुई तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांग ऊपर तक पहुंचाने की कोशिश की है। प्रदर्शनकारी एडीएम दुर्ग को ज्ञापन सौंप वापस लौट गए हैं।

