Earthquake News: म्‍यांमार व थाइलैंड में विनाशकारी भूकंप

Earthquake News: म्‍यांमार व थाइलैंड में विनाशकारी भूकंप


🛑 मरने वालों का आंकड़ा 1000 के पार, 2300 घायल, भारत ने भेजी राहत सामग्री

सीजी न्यूज ऑनलाइन 29 मार्च। थाईलैंड और म्यांमार में बड़े पैमाने पर भूकंप आया है। बैंकॉक में भूकंप का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां एक बहुमंजिला इमारत देखते ही देखते जमींदोज हो गई है। भूकंप का केंद्र म्यांमार में जमीन के 10 किलोमीटर नीचे थे।

भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में बेहद ही शक्तिशाली भूकंप से धरती कांप उठी। इसका असर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी देखने को मिला है। भूकंप का केंद्र म्यांमार में था और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.7 मापी गई। अधिकारियों ने बताया कि बैंकॉक में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत भूकंप के झटकों से भरभराकर ढह गई। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक बहुमंजिला इमारत धूल के गुबार के बीच ढहती नजर आ रही है और वहां मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते हुए भाग रहे हैं। इमारत के मलबे में 40 से अधिक मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि वे बैंकॉक के ‘चटुचक मार्केट’ के पास स्थित घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं

शुरुआती खबरों के अनुसार, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफजेड भूविज्ञान केंद्र ने बताया कि दोपहर को यह भूकंप 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर आया, जिसका केंद्र पड़ोसी देश म्यांमार में था। म्यांमार में भूकंप के प्रभाव की तत्काल कोई खबर नहीं है।

ग्रेटर बैंकॉक क्षेत्र की आबादी 1.70 करोड़ से अधिक है जिनमें से कई लोग ऊंची इमारतों वाले अपार्टमेंट में रहते हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे भूकंप आने पर इमारतों में अलार्म बजने लगे और घनी आबादी वाले मध्य बैंकॉक की ऊंची इमारतों एवं होटल से लोगों को बाहर निकाला गया। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कुछ ऊंची इमारतों के अंदरूनी हिस्सों में ‘स्वीमिंग पूल’ में पानी में लहरें उठती दिखीं।

म्यांमार के मांडले शहर में मातम


भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान म्यांमार के मांडले शहर में हुआ है। यहां भूकंप के कारण कई इलाकों में इमारतें ढह गईं और व्यापक क्षति हुई है। बता दें कि म्यांमार लंबे समय से चल रहे खूनी गृहयुद्ध की चपेट में है, और वहां पहले से ही एक बड़ा मानवीय संकट बना हुआ है। भूकंप के कारण म्यांमा में राहत एवं बचाव कार्यों को चलाना भी काफी मुश्किल हो रहा है। सैन्य सरकार के प्रमुख सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने शुक्रवार को एक टेलीविजन प्रसारण में कहा था कि भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। वहीं म्यांमार के पड़ोसी देश थाईलैंड में भी भूकंप का असर दिखा और यहां कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी जबकि 22 लोग घायल हो गए।