स्वास्थ्य मंत्री के काफिले में भिड़ीं विधायकों की गाड़ियां

स्वास्थ्य मंत्री के काफिले में भिड़ीं विधायकों की गाड़ियां


🛑 2 MLA व पूर्व विधायक की कार क्षतिग्रस्त

सीजी न्यूज ऑनलाइन 25 मार्च। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के काफिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विधायकों की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। मंत्री श्री जायसवाल चंदुलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि स्वास्थ्य मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के दौरान पूर्व विधायक सावला राम डहरे, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवड़ा और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि काफिले की तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल दुर्ग सर्किट हाउस से जिला अस्पताल निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां निरीक्षण करने के बाद दोपहर में वे चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज कचादुर पहुंचे। जैसे ही उनका काफिला दुर्ग से सूर्या मॉल चौक के पास पहुंचा, अहिरवारा के पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे की गाड़ी का ड्राइवर ओवरटेक करने लगा।

आगे चल रही अहिरवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की गाड़ी ने ब्रेक ले लिया। इससे पूर्व विधायक की स्कॉर्पियों ने अहिरवारा विधायक की इनोवा को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर लगते ही सभी गाड़ियों ने ब्रेक लिया तो पीछे से आ रही दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की इनोवा ने पूर्व विधायक की स्कॉर्पियों को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों ही गाड़ियों के आगे और पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके बाद कुछ मिनट तक स्वास्थ्य मंत्री का काफिला रुका और फिर सभी गाड़ी लेकर आगे चल गए। बताया जा रहा है कि गाड़ियों की स्पीड थोड़ी और ज्यादा होती को बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।