कार चालक की रिपोर्ट पर स्कूटर सवार के खिलाफ जुर्म दर्ज, सूर्या माॅल के पास हुई भिड़ंत
भिलाई नगर, 30 दिसंबर। सूर्या माल के समीप कार मोड़ते समय स्कूटर सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। कार चालक ने जब उसे समझाइश देना चाहा तो गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूटर सवार भाग गया। कार चालक ने सुपेला थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय अमिर सोहेल खान दीनदयाल कालोनी खम्हरिया निवासी मंगलवार की शाम कार क्रमांक सीजी 07 एमए 8984 से सूर्या माॅल चौक होते हुये दुर्गा नगर के तरफ जा रहा था। माईल स्टोन स्कूल पास वाहन के दाहिने तरफ का एन्डीकेटर जला मोड़ रहा था तभी पीछे से आ रही टीवीएस जूपिटर सीजी 07 बीएफ 7479 के चालक ने अपनी स्कूटी को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए कार के दाहिने तरफ ठोकर मार दिया जिससे वाहन के ड्रायवर साईड का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। सोहेल ने स्कूटर चालक को रोक कर समझाने का प्रयास किया तो वह गाली गुप्तार करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूटर लेकर भाग गया। पुलिस ने सोहेल की रिपोर्ट पर धारा 279, 294, 506 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

