*एकांश/संदीप या कोई और-कौन बनेगा पांचवा महापौर, सभापति के लिए नीरज/सुभद्रा-आज बनेगी शहर सरकार*

*एकांश/संदीप या कोई और-कौन बनेगा पांचवा महापौर, सभापति के लिए नीरज/सुभद्रा-आज बनेगी शहर सरकार*


एकांश/संदीप या कोई और-कौन बनेगा पांचवा महापौर, सभापति के लिए नीरज/सुभद्रा-आज बनेगी शहर सरकार

भिलाई नगर, 6 जनवरी। ढाई घंटे बाद आज भिलाई नगर निगम का 5वां महापौर और सभापति कौन होगा यह पता चल जाएगा। महापौर और सभापति के नाम को लेकर सबसे बड़ी खींचतान इसी निगम में है। यहां कांग्रेस कई धड़ों में बंटी हुई दिख रही है। एक धड़ा विधायक देवेंद्र यादव की पसंद से एकांश को महापौर बनाना चाहता है तो दूसरी ओर सुभद्रा सिंह भी अपनी दावेदारी में कहीं पीछे नहीं। साथ ही संदीप निरंकारी, नीरज पॉल, लक्ष्मीपति राजू और सीजू एंथोनी का नाम भी दावेदारी में आ रहा है। चूंकि महापौर का पद सामान्य के लिए है इसलिए कांग्रेस पार्षदों की एक बड़ी संख्या सामान्य को ही महापौर प्रत्याशी बनाने आलाकमान के नेताओं से कर रही है और यही गणित भिलाई में थोपे गए किसी अन्य प्रत्याशी के लिए कांग्रेस के बहुमत का खेल बिगाड़ सकता है। सब कुछ ठीक रहा तो भिलाई का अगला मेयर एकांश या संदीप में कोई एक बनेगा, ऐसी संभावना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दबी जबान स्वीकार रहे हैं फिलहाल किसी का नाम सामने नहीं किया गया है। 

आज तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे सभी निर्वाचित 70 पार्षदों ने सबसे पहले अपने पद और गोपनियता की शपथ ली है। कांग्रेस के 37, भाजपा के 24 और निर्दलीय 9 पार्षद शपथ में शामिल हुए हैं। इसके बाद उनके द्वारा 1 से डेढ़ बजे तक मतदान कर निगम का महापौर और सभापति चुना जाएगा। कांग्रेस यहां से एकांश बंछोर, संदीप निरंकारी को महापौर का प्रत्याशी बना सकती है। सभापति के लिए कांग्रेस से नीरज पॉल और सुभद्रा सिंह का नाम चल रहा है। भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। उनका कहना है कि वह मेयर और सभापति दोनों पदों के लिए अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। 

भिलाई नगर निगम में महापौर और सभापति की सीट आरक्षित है। इसे देखते हुए यह भी मांग की जा रही है कि जब सीट सामान्य है तो मेयर और सभापति भी सामान्य होना चाहिए। इस दौड़ में कांग्रेस से सुभद्रा सिंह और केशव चौबे का नाम सबसे आगे आ रहा है। बताया यह भी जा रहा है कि केशव और सुभद्रा दोनों ही नाम को बड़े नेता मेयर के लिए नहीं लाना चाहते हैं इसलिए सामान्य सीट के लिए सामान्य मेयर वाली बात को हवा नहीं दी जा रही है। पार्षदों में किसी भी तरह की कोई गुटबाजी या बगावत न हो, इसके लिए भी पार्टी अलर्ट है।