फिर से शादी कर नई दुल्हन के साथ लौटे युवक ने पत्नी और मां-बाप से कहा- “जिसको जो करना है कर लो, रहूंगा इसी के साथ”
(पहली पत्नी की शिकायत पर दुर्ग महिला थाना में अपराध दर्ज)
भिलाई नगर, 8 जनवरी। तीन साल पहले सामाजिक रीतिरिवाज से विवाह करने के बाद पति ने दूसरी शादी कर नई पत्नी को घर लाया और पहली पत्नी सहित माता पिता से साफ तौर पर कह दिया कि उसे नई पत्नी के साथ ही रहना है जिसे जो करना है कर लो।
दुर्ग जिला का यह मामला जब काउंसलिंग में आया तब भी पति ने पुलिस को कह दिया कि उसे पहली पत्नी के साथ रहना ही नहीं है। अंततः आरोपी पति के खिलाफ महिला थाना में 498-ए के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी की पहली पत्नी प्रियंका वर्मा (29 वर्ष) ने शिकायत में पुलिस को बताया कि वह 3 दिसंबर से न्यू पुलिस लाईन दुर्ग स्थित अपने माता पिता के घर रह रही है। दो वर्ष पूर्व 25 जनवरी 2019 को प्रियंका की हेमेन्द्र वर्मा निवासी ग्राम रेंगाकठेरा थाना रानीतराई जिला दुर्ग के साथ सामाजिक रीति रिवाज से शादी सम्पन्न हुई। वह अपने ससुराल 13 दिन रहने के बाद पति के कार्यस्थल रायपुर चली गई। जहां शादी के 3 माह बाद से हेमेंद्र शराब पीकर घर आने लगा। शराब पीने से मना करने पर वह प्रियंका से मारपीट करता रहा। जब परिजनों को पता लगा तो प्रियंका के पिता और ससुर ने हेमेंद्र को समझाने का प्रयास किया परंतु उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। कुछ दिनों के बाद प्रियंका को पता चला कि हेमेंद्र का किसी अन्य महिला से संबंध है, जिसकी जानकारी उसने अपने सास-ससुर एवं मायके वालों की दी। 1 दिसंबर 2021 को हेमेंद्र वर्मा अपने घर सुमन नाम की एक लड़की के साथ लौटा और बोला कि मैंने इससे टिकरापारा आर्य समाज में शादी की है, जिसको जो करना है, कर लो। प्रियंका ने परेशान होकर महिला थाना दुर्ग में आवेदन दिया तो काउंसलिंग में हेमेंद्र ने दूसरी महिला से शादी करना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में पता लगा कि विवाहित होने के उपरांत भी हेमेंद्र ने बस स्टैंड चौक जामगांव की 31 वर्षीय सुमन मालेकर से टिकरापारा रायपुर स्थित आर्य समाज में दूसरा विवाह किया। सुमन को भी बताया गया कि हेमेन्द्र शादीशुदा है किन्तु सुमन ने भी कोई विरोध नहीं जताया। हेमेंद्र का कहना है कि वह सुमन को नहीं छोड़ सकता। शिकायत पर दुर्ग महिला थाना पुलिस हेमेंद्र के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले में विवेचना कर रही है।

