सीजी न्यूज ऑनलाइन 10 फरवरी । जिले में एक युवक ने स्वयं को सीआईडी अधिकारी बताकर निजी अस्पताल संचालक से सात लाख रुपये की ठगी कर ली। तीन माह पुरानी इस घटना में आरोपी को पुलिस ने महासमुंद की जेल से न्यायालय के आदेश पर रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार 8 नवंबर 2023 को आरोपी सफेद डिजायर कार में अवध लाइफ केयर हॉस्पिटल, करही पहुंचा। उसने अस्पताल संचालक डॉ. अवधेश कुमार सिंह से मुलाकात कर खुद को सीआईडी (आपराधिक जांच विभाग) का अधिकारी बताया और अस्पताल का रिकॉर्ड व डिग्री जांच कराने का दबाव डाला।
आरोपी ने डॉक्टर को धमकाते हुए उनसे सात लाख रुपये वसूल लिए। घटना की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना में सामने आया कि आरोपी स्मिथ सेठी (40) भुवनेश्वर, ओडिशा का रहने वाला है। आरोपी पहले भी महासमुंद जिले में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। महासमुंद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) और 319 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश पर उसे महासमुंद जेल भेजा गया था।
मुंगेली पुलिस ने महासमुंद पुलिस से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया। एसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, मुंगेली से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को महासमुंद जिला जेल से लाकर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मुंगेली न्यायालय से आरोपी का रिमांड हासिल कर उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।

