🛑 6 आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
भिलाई नगर, 08 फरवरी। निकाय चुनाव में वोटिंग से पहले दुर्ग जिला के पाटन थाना क्षेत्र के फुंडा में पुलिस ने अवैध शराब का जखीरा पकड़ा है। यह शराब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा के फॉर्म हाउस से पकड़ी गई है। दुर्ग पुलिस की एसीसीयू और पाटन थाना की टीम ने फॉर्म हाउस में छापा मार लगभग 500 पेटी शराब जब्त की है। फार्म हाउस मालिक महेंद्र वर्मा मौके से फरार हो गया है।
दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि फुंडा के वर्मा फार्म हाउस में मध्यप्रदेश की शराब उतरी थी। जानकारी मिलते ही पाटन थाना पुलिस और ACCU की टीम ने संयुक्त छापेमार कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध शराब को लेकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं जिस फार्म हाउस में अवैध शराब का जखीरा उतरा था, वह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा का है, फिलहाल महेंद्र अभी फरार हो गया है।
ग्रामीण एएसपी अभिषेक कुमार झा ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लगभग ढाई बजे फार्म हाउस में शराब उतरने की जानकारी मिली थी, उसी वक्त पुलिस ने छापेमारी की और फार्म हाउस से 500 पेटी शराब बरामद किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है कि क्या इस शराब को निकाय चुनाव में बांटने के लिए लाया गया था? पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

