🛑 आवश्यकता हुई तो और भी रेड की कार्रवाई की जाएगी
सीजी न्यूज ऑनलाइन 28 जनवरी । उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने CGMSC घोटाले पर आज सीजी न्यूज ऑनलाइन से एक्सक्लूसिव चर्चा करते हुए कहा कि मामले की जांच चल रही है और अधिक स्पष्टीकरण हो पाए इसके लिए प्रयास किया जा रहे हैं। जहां तक बातें स्पष्ट है आने वाले समय में दोषियों के नाम जुड़ेंगे, नाम नहीं शामिल करने की कोई बात नहीं है। पहले से ही कह रहा हूं मछली हो या मगरमच्छ सभी पकड़े जाएंगे। कल दोषियों के कई ठिकानों पर एसीबी ईओडब्ल्यू की रेड हुई थी। जरूरी हुआ तो और रेड की जाएगी सारे के सारे गिरफ्त में आएंगे किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
आपको बता दे की CGMSC छ.ग. मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन लिमिटेड रायपुर के अधिकारीगण एवं संचालनालय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण द्वारा मोक्षित कार्पोरेशन, गंज पारा दुर्ग, CB कॉरपोरेशन, जी.ई. रोड दुर्ग, रिकार्डर्स एवं मेडिकेयर सिस्टम, एचएसआईआईडीसी, पंचकुला हरियाणा एवं श्री शारदा इन्डस्ट्रीज, ग्राम तर्रा, तहसील धरसीवा रायपुर के साथ आपराधिक षडयंत्र कर पूल-टेंडरिंग कर, स्वास्थ्य विभाग में उपयोग होने वाले रीएजेंट एवं मशीन की बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर विक्रय कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई थी। इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो में अपराध कमांक-05/2025. धारा-409, 120बी भादवि एवं धारा 13 (1) ए, सहपठित धारा 13 (2), 7 (सी) भ्र.नि.अ. 1988 संशोधित अधिनियम 2018, 22 जनवरी 2025 को अपराध दर्ज किया गया।
विवेचना के तारतम्य में कल 27 जनवरी 2025 को आरोपियों के निवास स्थान एवं संबंधित जगहों पर ईओडब्ल्यू / एसीबी की टीमों ने जिला रायपुर, दुर्ग एवं हरियाणा के दर्जन भर से अधिक स्थानों पर रेड की कार्यवाही की। कार्यवाही में आरोपियों के निवास स्थानों एवं अन्य जगहों से प्रकरण के संबंध में महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कई बैंक एकाउंट एवं निवेश से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। प्राप्त दस्तावेजों का विश्लेषण एवं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।
एसीबी सूत्रों ने बताया कि 1 छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड रायपुर के अधिकारियों एवं संचालनालय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण, 2 मोक्षित कॉरपोरेशन गंजपारा दुर्ग, 3 CB कॉरपोरेशन जी रोड दुर्ग, 4 रिकॉर्ड्स एवं मेडिकेयर सिस्टम एचएसआईआईडीसी, पंचकुला हरियाणा, 5 श्री शारदा इन्डस्ट्रीज, ग्राम तर्रा, तहसील धरसीवा रायपुर, 6 अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
इन सभी पर आरोप है कि गलत तरीके से कॉन्ट्रैक्ट लिया गया कर्टन बनाकर अधिक दरों पर मेडिकल से संबंधित सामानों की सप्लाई की गई। एक तरह से सप्लायर के द्वारा दलाली का कार्य किया गया है जांच में अभी सामने आया है कि इन सप्लाई करने वाले फार्मो के पास संबंधित उत्पादों के कोई भी प्रोडक्शन यूनिट नहीं है।

