🛑 मामला भिलाई भट्टी थाने का
भिलाई नगर 20 जनवरी । भट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीएसपी कर्मी सेक्टर 1 निवासी राजेश सोनकर ने घर पर आज दोपहर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने के पूर्व राजेश द्वारा अपनी पत्नी को वीडियो कॉल भी किया था। कोई सुसाइडल नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि पारिवारिक रूप से परेशान था। फिलहाल भट्टी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।
भट्टी पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक राजेश सोनकर 53 वर्ष सेक्टर 1 क्रॉस स्ट्रीट 1 क्वार्टर नंबर 41सी मैं रहता था। आज दोपहर को 12:00 के लगभग आत्महत्या करने के पूर्व अपनी पत्नी को वीडियो कॉल करके जानकारी दी। इस दौरान पत्नी शहर से बाहर गई हुई थी। इस आत्मघाती कदम को रोकने के लिए मृतक की पत्नी के द्वारा बिलासपुर निवासी अपने भतीजे को इसकी जानकारी दी। भतीजे के द्वारा सुपेला भिलाई में रहने वाले अपने भांजे अखिलेश को बताया। इस पर अखिलेश तत्काल राजेश सोनकर के घर पहुंचा, परंतु तब तक राजेश सोनकर फांसी लगा चुका था।
भट्टी पुलिस ने बताया कि सुबह 9:00 से 10:00 बजे तक घरेलू कार्य करने वाली नौकरानी घर पर आई हुई थी जिसके द्वारा घरेलू कार्य संपन्न करने के बाद नाश्ता बनाकर राजेश सोनकर को दिया था। नाश्ते के प्लेट रखी हुई थी। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परंतु पारिवारिक विवाद की संभावना व्यक्त की गई है फिलहाल पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही।

