*देश विरोधी नारेबाजी का आरोप बेबुनियाद, हार से बौखलाए भाजपाई भड़का रहे धार्मिक भावनाएँ, (एमआईसी सदस्य मन्नान और पार्षद सलमान की पत्रवार्ता)*

*देश विरोधी नारेबाजी का आरोप बेबुनियाद, हार से बौखलाए भाजपाई भड़का रहे धार्मिक भावनाएँ,  (एमआईसी सदस्य मन्नान और पार्षद सलमान की पत्रवार्ता)*


देश विरोधी नारेबाजी का आरोप बेबुनियाद, हार से बौखलाए भाजपाई भड़का रहे धार्मिक भावनाएँ,

(एमआईसी सदस्य मन्नान और पार्षद सलमान की पत्रवार्ता)

भिलाई, 14 जनवरी। पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों को लेकर छावनी थाने में शिकायत करने वाले भाजपा पार्षदों से आरोप सिद्ध करने की मांग करते हुए एमआईसी सदस्य मन्नान खान व पार्षद सलमान ने पत्रवार्ता में वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारे लगाते हुए कहा कि भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा व पूर्व पार्षद छोटेलाल चौधरी धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। 

प्रेसवार्ता में पार्षद सलमान ने कहा कि वे पीयूष मिश्रा को सीनियर पार्षद मानते हैं और उनसे कुछ सीखना चाहते थे लेकिन गुरुवार को जो हुआ वह निंदनीय है। बिना किसी सुबूत के इतना बड़ा आरोप लगाया गया है। झूठी शिकायत की गई जबकि ऐसी कोई रैली या जुलूस निकाला ही नहीं गया और न ही वे ऐसे किसी जुलूस या सम्मान समारोह में मौजूद ही थे, उनका नाम ज़बरदस्ती घसीटा जा रहा है। उन्होंने पार्षद पीयूष व छोटेलाल को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे साबित कर दें कि मैं उस जुलूस या सम्मान समारोह में मौजूद रहा तो तत्काल  राजनीति से इस्तीफा दे दूंगा। 

एमआईसी सदस्य मन्नान खान ने कहा कि मछली मार्केट व सर्कुलर मार्केट के व्यापारियों ने कल उनका स्वागत किया और पटाखे फोडे़ हैं, वहाँ मैं मौजूद था और इस दौरान केक काट कर मिष्ठान्न वितरण किया गया। यहां कोई भी आपत्तिजनक नारेबाजी नहीं हुई बल्कि मिष्ठान्न वितरण के दौरान मार्केट के कुछ लोग जो चुनाव हार गए हैं, के द्वारा पाकिस्तान मूर्दाबाद के नारे लगाए गए और कुछ देर में छावनी थाना पहुंच झूठी शिकायत की गयी। निगम भिलाई में युवा एमआईसी सदस्य होने के नाते व्यापारियों ने मेरा स्वागत किया था। यहां न तो किसी प्रकार का जुलूस निकला और न नारेबाजी हुई, आखिर पार्षद पीयूष मिश्रा व छोटेलाल चौधरी ऐसा क्यों कर रहे हैं? यह जांच का विषय है। 

मन्नान और सलमान ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग करते हुए जो भी दोषी हो, उस पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा और छोटेलाल चौधरी देशविरोधी नारा लगाने का तथ्यहीन आरोप लगाते हुए उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाई है, इसकी शिकायत भी उन्होंने छावनी थाना में आज की है।