भिलाई नगर 18 जनवरी । सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई के वाणिज्य स्नातकोत्तर विभाग द्वारा इम्पीरिकल एफएम एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के टीचिंग एवं नॉन टीचिंग कर्मचारियों के लिए स्मार्ट विनियोगकर्ता विषय पर विनियोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं स्मार्ट प्रशिक्षक प्रवीण धुरी एवं मोशन एजुकेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय अशतकर थे। प्रवीण धुरी ने विनियोगकर्ता के निजी हित की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विनियोग का विकल्प चुनने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि कभी भी वित्तीय नियोजन करके ही विनियोग करना चाहिए। संजय अशतकर ने एसआईपी फंड्स में विनियोग की उपयोगिता के बारे में जानकारी प्रदान की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एम जी रोईमोन ने अपने उद्बोधन में कहा कि वित्तीय नियोजन अपनी सेवानिवृत्ति के बाद की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही करना चाहिए। अधिष्ठाता अकादमिक डॉ देबजानी मुखर्जी ने वाणिज्य स्नातकोत्तर विभाग को कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अपनी शुभकामनायें दी। वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ सपना शर्मा ने कहा कि विनियोग सदा सोचकर समझकर और गणना करके ही करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधन विभाग के सहायक प्राध्यापक महेंद्र इखार ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित थे।

