महादेव ऑनलाइन सट्टा कारोबारी रविकांत मिश्रा गिरफ्तार, गोविंद चौहान फरार

महादेव ऑनलाइन सट्टा कारोबारी रविकांत मिश्रा गिरफ्तार, गोविंद चौहान फरार


🛑पूछताछ जारी, कई सफेदपोश के नाम होंगे उजागर

भिलाई नगर 15 जनवरी । महादेव आनलाइन सट्टा का अवैध कारोबार करने वाले फरार आरोपी रविकांत मिश्रा को अपराध दर्ज होने के चार माह बाद सुपेला पुलिस के द्वारा कल देर रात को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का दूसरा साथी गोविंदा चौहान अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर है। आरोपी से सुपेला पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है। आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लेगी।

थाना प्रभारी सुपेला राजेश मिश्रा के मुताबिक रविकांत मिश्रा और गोविंदा चौहान के खिलाफ सितंबर 2024 में मामला दर्ज किया गया था। तब से दोनों आरोपी फरार हैं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि मिश्रा और गोविंदा चौहान दोनों भिलाई में ही छिपकर रह रहे हैं। पुलिस एक्टिव हुई। 14 एवं 15 जनवरी की दरमियानी रात्रि जुनवानी क्षेत्र से वहां में घूमते हुए सुपेला पुलिस की एक टीम ने रवि मिश्रा को गिरफ्तार किया है। उसे आज शाम कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड में लिया जाएगा।

पूछताछ पर कई सफेदपोश के नाम होंगे उजागर


रवि मिश्रा का पुलिस रिमांड आज कोर्ट से पुलिस द्वारा लिया जाएगा। इसके बाद रवि मिश्रा से पूछताछ की जाएगी कि वो महादेव की आईडी कहां से लाया। महादेव सट्टा से जुड़े किन किन लोगों के साथ वो काम करता था। उसने फर्जी खातों का इंतजाम कैसे किया। इस पूछताछ में रवि मिश्रा कई चौकाने वाले नामो का खुलासा कर सकता है।

खाते से हुआ था करोड़ों रुपए का लेनदेन

रवि मिश्रा और गोविंदा चौहान कुछ समय पहले तक एक मध्यम वर्ग परिवार से थे। परंतु कुछ समय बाद देखते ही देखते कुछ महीने के अंदर ही दोनो के महंगी महंगी गाड़ियां बाइक और अन्य प्रॉपर्टी बना ली थी। इतना ही नहीं उनके खाते में 1 करोड़ 65 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन भी पाया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 420 का मामला दर्ज किया था।

चाय वाले के नाम पर खुलवा दिया बैंक में खाता

पुलिस ने सितंबर 2024 में धीरज महतो नाम के युवक को गिरफ्तार किया था। उसने पुलिस को बताया कि वो जुनवानी रोड में चाय की दुकान चलाता है। रविकांत मिश्रा और गोविंदा चौहान खुद को पत्रकार बताकर अक्सर उनकी दुकान आया-जाया करते थे। इससे उनकी अच्छी पहचान हो गई। इसके बाद उन्होंने उसे और उसके दोस्त मुकेश तांडी को पैसों का लालच देकर फर्जी खाता खुलवाया था।