दहेज नहीं देने पर जेठ ने किया दुष्कर्म का प्रयास, बालाघाट भाग कर महिला ने लिखाई रिपोर्ट, सुपेला पुलिस जांच में जुटी
भिलाई नगर, 17 जनवरी। मध्य प्रदेश के बालाघाट की एक महिला द्वारा दुर्ग जिले में मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना सहित पति के अप्राकृतिक रूप से यौन संबंध बनाने और जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया गया है। महिला के अनुसार उसकी गलती सिर्फ इतनी थी कि वह ससुराल वालों की इच्छा के मुताबिक दहेज नहीं ला सकी। महिला ने सुपेला थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि बालाघाट की रहने वाली इस पीड़िता की शादी दो वर्ष पूर्व कोहका स्थित विवेकानंद कॉलोनी में हुई थी। शादी के बाद जब वह ससुराल आई तो कुछ समय तक तो सब ठीक रहा उसके बाद सास, ससुर, जेठ और पति सभी लोग दहेज कम लाने को लेकर ताने मारने लगे। पति आए दिन दहेज लाने के लिए उससे झगड़ा करने लगा। उसके पिता की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह और अधिक दहेज दे सकें। पीड़िता के पिता ने शादी में ढाई लाख रुपए नगद और सामान दिया था। जब ससुराल के लोग अधिक परेशान करने लगे तो पिता ने 37 हजार रुपए अलग से दिया और अधिक दहेज न दे पाने के लिए अनुरोध भी किया। इसके बाद भी ससुराल वाले नहीं माने और प्रताड़ित करने का सिलसिला बढ़ता चला गया। आरोप है कि पति और जेठ ने यातना की हदें पार कर दीं। पिछले कुछ महीनों से उसका पति आए दिन उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता और जब पति बाहर जाता तो जेठ उसके साथ छेड़छाड़ करता और जबरदस्ती संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। इन सब प्रताड़ना के बाद महिला अपने मायके चली गई और उसने मामले की शिकायत बालाघाट थाने में दर्ज कराई। वहां से जीरो रिपोर्ट आने पर सुपेला पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

