चौहान स्टेट के लिफ्ट से चौथे माले से गिरा युवक, हुई मौत, जांच में जुटी सुपेला पुलिस

चौहान स्टेट के लिफ्ट से चौथे माले से गिरा युवक, हुई मौत, जांच में जुटी सुपेला पुलिस


भिलाई नगर, 03 जनवरी 2025। बीती रात सुपेला चौहान स्टेट स्थित लिफ्ट में चौथे माले से गिर कर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विनय गुप्ता निवासी कर्मा स्कूल के पीछे वार्ड-17 सुपेला के रूप में हुई है। युवक आकाशगंगा मार्केट में नारियल पानी बेचता था। घटना कल रात 11 बजे की बताई जा रही है। सुपेला पुलिस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि कल रात युवक के लिफ्ट में गिरने की सूचना मिली। फ़ौरन टीम मौके पर भेजी गई। चौहान स्टेट में लगी लिफ्ट से युवक चौथी मंजिल पर गया था।

आशंका जताई जा रही है कि वापस आते समय उसने लिफ्ट का प्रयोग करने दरवाजा खोला, लिफ्ट आई भी मगर तब वो भीतर नहीं गया। कुछ समय बाद जब लिफ्ट नीचे चली गई तो युवक दरवाजा खोल भीतर चला गया और लिफ्ट केज में वह नीचे रूकी लिफ्ट के ऊपर गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

चौहान स्टेट में कुछ लोगों ने बताया कि विनय नशे में था और काफी देर से वह चौहान स्टेट के फ्लोर पर देखा गया। आशंका यह भी है कि नशे की मदहोशी में वह लिफ्ट केज के गड्ढे में जा गिरा होगा। विनय कर्मा स्कूल के पीछे सुपेला निवासी बसंत गुप्ता के दो लडक़ों में बड़ा बेटा था। उसके मौत की खबर से मोहल्ले और घर में मातम पसर गया। विनय आकाशगंगा सुपेला में नारियल पानी बेचता था।