छत्तीसगढ़ में धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ना से परेशान युवक ने लगाई फांसी, स्टेटस किया अपडेट, पत्नी सहित पांच पर FIR, गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ना से परेशान युवक ने लगाई फांसी, स्टेटस किया अपडेट, पत्नी सहित पांच पर FIR, गिरफ्तार


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 09 दिसंबर। मोबाइल में स्टेटस अपडेट कर पोटियाडीह का 30 वर्षीय लीनेश साहू फंदे पर झूल गया। जांच में खुलासा हुआ कि धर्म परिवर्तन के लिए पत्नी प्रताडित करती थी। पूछताछ और जब्त मोबाइल की जांच के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी, सास-ससुर समेत 5 लोगों पर एफआईआर कर 4 को गिरफ्तार किया, जबकि एक फरार है। सभी चारों आरोपियों को रिमांड पर भेजा है।

अर्जुनी पुलिस के मुताबिक प्रार्थी खूबचंद साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भतीजे लीनेश साहू को उसकी पत्नी करुणा साहू, सास गौरी साहू, ससुर राजकुमार साहू, डेढ़ सास व साली धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालते थे। पति-पत्नी में विवाद हुआ था। पुलिस भी घर पहुंची थी। धर्म परिवर्तन के दबाव से परेशान लीनेश ने फांसी लगा ली। परिजनों को घटना की जानकारी 7 दिसंबर को सुबह हुई।

जान देने से पहले लीनेश साहू ने मोबाइल स्टेटस में पत्नी, सास-ससुर, डेढ़ सास और साली पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने व परेशान करने की बात लिखी। अर्जुनी पुलिस ने इसकी जांच की। स्टेटस भी देखा। मरने से पहले उसने अपनी बहन दामाद को भी रात 3.43 बजे मैसेज भेजा था।

सालभर पहले ही हुई थी शादी

अर्जुनी पुलिस ने बताया कि लीनेश साहू का विवाह सितंबर-2023 में संत कबीर आश्रम पोटियाडीह में हुआ था। शादी के करीब 3-4 महीने के बाद ही पत्नी करुणा साहू व ससुराल पक्ष के लोग धर्म परिवर्तन करने दबाव डाल रहे थे। लीनेश और उसके माता- पिता के धर्म परिवर्तन से मना करने पर उनके से वाद-विवाद करते थे। परेशान होकर लीनेश ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने पत्नी करुणा साहू, सास गौरी साहू, ससुर राजकुमार साहू और डेढ़ सास किरण साहू व साली के खिलाफ गैर जमानती धारा 108, 3 (5) बीएनएस के तहत एफआईआर की। साली को छोडक़र अन्य 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। डीएसपी नेहा पवार ने बताया कि रविवार को दोपहर में चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।

मृतक ने स्टेटस में लिखी यह बात

पुलिस ने मोबाइल जब्त किया है। मृतक लीनेश साहू ने फांसी लगाने से पहले स्टेटस में लिखा कि मैं अपनी बीवी से परेशान हो गया हूं। मुझे धर्म परिवर्तन करने के लिए बहुत ज्यादा परेशान करती है। इसके आगे लिखा ससुराल जाता हूं तो उसकी मां, बड़ी बहन, छोटी बहन सब मुझे धर्म परिवर्तन के लिए परेशान करते हैं। कहते हैं तू आ जा फिर तेरे मां-पापा को भी मना लेंगे। इसलिए वहां कभी खाना नहीं खाया। युवक ने आगे लिखा कि पहले से ही वो लोग बहुत ज्यादा झूठ बोले हैं। 8वीं क्लास तक पढ़ी है और 12वीं बताया है। मैं हफ्ते में जितना कमाता हूं, मेरी बीवी को दे रहा था। कभी प्यार से बात भी नहीं की।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक आरोपी राजकुमार साहू (54) रायपुर, गौरी साहू पति राजकुमार साहू (48) रायपुर, करुणा साहू पति स्व. लीनेश साहू (27) पोटियाडीह व किरण साहू पति योगेश साहू (31) निवासी फाफाडीह रायपुर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।