छत्तीसगढ़ में नकली नोट छापने का बड़ा मामला : लवन पुलिस दो आरोपियों को पकड़ ले गई साथ, रायपुर पुलिस को भनक तक नहीं

छत्तीसगढ़ में नकली नोट छापने का बड़ा मामला : लवन पुलिस दो आरोपियों को पकड़ ले गई साथ, रायपुर पुलिस को भनक तक नहीं


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 08 दिसम्बर। राजधानी के भाठागांव स्थित विनायक नगर में नकली नोट छपते रहे और शहर पुलिस को भनक तक नही लगी। बलौदाबाजार पुलिस नोट छापने वालों को पकड़ ले गई। लवन पुलिस ने रायपुर में दबिश दी और वहां से 2,26,000 रुपये के नकली नोट, प्रिंटर मशीन और अन्य सामग्री बरामद की।

2.32 लाख रुपये के नकली नोट जब्त

पुलिस ने इस पूरे मामले में अब तक कुल 2,32,400 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। नकली नोट बनाने में इस्तेमाल किए गए उपकरणों और सामग्री को भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस को पता चला है कि गिरोह का तीसरा सदस्य, जो नकली नोट बाजार में खपाने के लिए निकला हुआ था, फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपियों के नाम भुवन साहू उर्फ भूपेश (25) और तुषार साहू उर्फ सोनू (26) हैं, जो लवन के वार्ड क्रमांक 7 के निवासी हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक रंगीन प्रिंटर मशीन खरीदी थी, जिसकी मदद से वे नकली नोट तैयार करते थे। वे 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोट छापकर उन्हें बाजार में खपाने का प्रयास कर रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि उन्होंने नकली नोट छापने की प्रिंटर मशीन, कागज और बड़ी मात्रा में छापे गए नकली नोट रायपुर के भाठागांव स्थित विनायक नगर में अपने किराए के मकान में छिपा रखे हैं।