सीजी न्यूज ऑनलाइन, 23 नवंबर। बैतलपुर के पास रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी कार ने बाइक सवार युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना बैतलपुर स्थित अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के पास की है। रायपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी (वाहन नंबर: सीजी 04 एचएल 5023) विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ने घटनास्थल पर तथा दो ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में नारायणपुर के चरण रात्रे (32 वर्ष) व उनके पिता साध राम तथा घुरू अमेरी (बिलासपुर) के सरस रात्रे (35 वर्ष) शामिल हैं।
सरगांव थाना प्रभारी एस. के. शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

