सेक्टर-6 मार्केट में फ्लावर डेकोरेशन व्यवसायी को लूटने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, दुपहिया वाहन मोबाइल एवं नगदी रकम जप्त
भिलाई नगर, 4 फरवरी। फ्लावर डेकोरेशन व्यवसाई के साथ लूट करने वाले दोनों ही आरोपियों को भिलाई नगर पुलिस द्वारा आज गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दोनों ही आरोपियों से लूटा गया दुपहिया वाहन मोबाइल फोन एवं नगदी रकम जप्त कर ली गई है ।
भिलाई नगर थाना प्रभारी एम एल शुक्ला ने बताया कि सेक्टर-5, सड़क-1, क्वाटर 8 ब्लाक 3 निवासी 24 वर्षीय पी आदिल फ्लावर डेकोरेशन का काम करता है। वह बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात दुर्ग से बलून लेकर वापस अपने घर आ रहा था। रात को वह जैसे ही सेक्टर-6 सी मार्केट अपनी दुकान के पास पहुंचा, मोहम्मद हमीद एवं श्रवण बंगाली ने उसका रास्ता रोक मारपीट करते हुए उससे मोबाईल जेब मे रखे 500 रुपये और होंडा ग्रेजिया वाहन क्रमांक सीजी 07 बीयू 8187 लूट कर फरार हो गए। मारपीट से आदिल के बाएँ हाथ और चेहरा मे चोट आई है। वहां से पीड़ित भागकर घर पहुँचा और मां जाहिदा एवं पत्नि प्राची को घटना की सूचना दी। चोट अधिक होने की वजह से 3 फरवरी को उसने कोतवाली थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी थी। रिपोर्ट पर से भिलाई नगर पुलिस के द्वारा आरोपी मोहम्मद हामिद एवं श्रवण बंगाली के खिलाफ धारा 394 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा नामजद आरोपी होने के कारण मोहम्मद हामिद 21 वर्ष निवासी साईं मंदिर के समीप हुई दुकान एवं श्रवण बंगाली 26 वर्ष साईं मंदिर के सामने फुल दुकान से गिरफ्तार कर आरोपियों के पास से लूटे गए दुपहिया वाहन, मोबाइल फोन नगदी रकम ₹500 सहित कुल 85,000 रुपए का माशरुका जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

