दृश्यम फिल्म की तरह हत्या : कलेक्टर बंगले के कंपाउंड से खोद कर निकाला गया महिला का कंकाल, 4 महीने से गायब थी व्यवसायी की पत्नी, जिम ट्रेनर के राज से पैरों तले खिसकी जमीन

दृश्यम फिल्म की तरह हत्या : कलेक्टर बंगले के कंपाउंड से खोद कर निकाला गया महिला का कंकाल, 4 महीने से गायब थी व्यवसायी की पत्नी, जिम ट्रेनर के राज से पैरों तले खिसकी जमीन


सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 27 अक्टूबर।‌ एक जिम ट्रेनर ने महिला की हत्‍या कर लाश को जिलाधिकारी के बंगले में बने कंपाउंड में दफना दिया था। यूपी के कानपुर में फ‍िल्‍मी मर्डर मिस्‍ट्री को सुलझा लिया गया है। कानपुर पुलिस पूरे शहर में मह‍िला के हत्‍यारोपी और लाश को खोजती रही, चार महीने बाद पुलिस ने हत्‍यारे को पकड़ा तो उसके पैरों के नीचे जमीन खिसक गई। हत्‍यारे की निशानदेही पर पुलिस ने डीएम के बंगले के पास खुदाई कर महिला का कंकाल निकाला है।

आपको बता दें कि कानपुर के सिविल लाइन में रहने वाले कारोबारी राहुल गुप्ता की पत्नी एकता गुप्ता 24 जून को सुबह जिम के लिए निकली थी और फिर घर नहीं लौटी। वह रोजाना ग्रीन पार्क में मौजूद जिम में एक्सरसाइज करने जाती थी। कारोबारी ने कानपुर पुलिस से पत्‍नी की गुमशुदगी दर्ज कराई और जिम ट्रेनर पर हत्‍या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि जिम ट्रेनर विमल सोनी ने प्रोटीन के साथ पत्नी को नशीला पदार्थ पिलाया और अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। राहुल गुप्‍ता ने जिम ट्रेनर विमल सोनी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई। राहुल ने पुलिस को बताया कि पत्नी एकता के खाते में लाखों रुपये थे। साथ ही घर में रखे पूरे जेवर भी गायब हैं। पुलिस की कार्रवाई न करने पर परिजनों ने थाने में हंगामा भी किया। घटना के बाद से ही जिम ट्रेनर और कारोबारी की पत्नी एकता का मोबाइल स्विच ऑफ था। जिम ट्रेनर के पास शोएब नाम के एक युवक की कार थी। पुलिस ने उसे जिम ट्रेनर और महिला के लापता होने के बाद 25 जून को बरामद कर लिया था। कार में रस्सी, टूटा क्लेचर, टॉवेल, सिम ट्रे समेत अन्य सामान बरामद हुआ था। सिम ट्रे मिलने से यह साफ हो गया कि अपहरण के बाद उसकी तुरंत हत्या कर दी गई। कारोबारी राहुल गुप्ता और उसके भाई हिमांशु को कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम को जानकारी दी कि जिम ट्रेनर विमल सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में विमल सोनी ने एकता का मर्डर करना स्वीकार किया है।
विमल सोनी ने पुलिस को बताया कि एकता की हत्‍या कर शव को जिलाधिकारी के बंगले के पास कंपाउंड में पांच फीट नीचे गड्ढे में दफना दिया है। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद करने के लिए खुदाई शुरू की तो मीडिया को वीडियो बनाने के लिए मना किया गया। लगभग दो घंटे की खुदाई के बाद पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। शव पूरी तरह गल चुका था।