बकरी को लेकर दो परिवार आपस में भिड़े, डंडे-घूंसो से मारपीट, चार के खिलाफ जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 8 फरवरी। कल शाम खुर्सीपार में बकरी की वजह से दो परिवार आपस में भिड़ गए। दोनों परिवारों ने पहले आपस में जमकर मारपीट की और एक-दूसरे को चोट पहुंचाने के बाद थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है। पुलिस ने इस मामले में दो महिला और दो पुरुषों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
खुर्सीपार थाना के एएसआई लखन लाल साहू ने बताया कि सड़क-6 जोन-3 शाहीद पान ठेला के पास निवासी सईदा बेगम के घर से लगा आम का पेड़ है जिसकी पत्तियाँ खाने मोहल्ले की ही हमीदा बेगम की पाली हुई बकरियाँ खाने आया करती हैं। सईदा ने पुलिस को बताया कि बकरियाँ उनके आंगन में आकर गंदगी करती हैं जिस पर आपत्ति जताते हुए उसने हमीदा से कई बार कहा कि वह अपनी बकरियाँ घर में ही बांध कर रखे। बार-बार समझाने के बाद भी कल शाम हमीदा की बकरियाँ सईदा के आंगन में आईं और गंदगी की। नाराज सईदा जब डंडे से बकरियाँ भगाने लगी तभी हमीदा का बेटा मोहम्मद समीर बकरी को डंडा मारने पर आपत्ति जताते हुए सईदा से गाली गलौज करने लगा तो गाली सुन सईदा के पति मोहम्मद अफजल ने उसे थप्पड़ मार दिया। तभी हमीदा पहुंची और उसने बेटे के थप्पड़ का बदला लेते हुए सईदा से मारपीट की। कुछ ही देर में चारों जमकर मारपीट करने लगे। सईदा के कंधे, हाथ की कलाई तथा सिर, हमीदा के सीने तथा पेट और मोहम्मद समीर के कंधे में चोट आई है। काउंटर रिपोर्ट में चारों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

